मुंबई इंडियंस की दहाड़, राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ से बाहर
रायन रिकलटन (63), रोहित शर्मा (53) के अर्धशतक और सूर्यकुमार यादव व कप्तान हार्दिक पंड्या (नाबाद 48-48) रनों की पारियों के बाद कर्ण शर्मा और ट्रेंट बोल्ट (तीन-तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन से मुम्बई इंडियंस ने आईपीएल के 50वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 100 रनों से हराया।

इस हार के साथ ही राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ से बाहर होने वाली दूसरी टीम बनी। मुम्बई के 217 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरूआत बेहद खराब रही और उसने पिछले मैच के रिकार्ड शतकवीर वैभव सूर्यवंशी (शून्य) का विकेट गवां दिया। वह मिडऑन के ऊपर से खेलने के प्रयास में दीपक चाहर की गेंद पर विल जैक्स द्वारा लपके गये।
अगले ही ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने यशस्वी जायसवाल (13) को बोल्ड कर मुम्बई को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद मुम्बई के गेंदबाजों ने राजस्थान के बल्लेबाजों को पिच पर अधिक देर टिकने ही नहीं दिया। नीतीश राणा (दो), बोल्ट ने कप्तान रियान पराग (16), शिमरॉन हेटमायर (शून्य) को जसप्रीत बुमराह ने आउट किया।

ध्रुव जुरेल (11), शिवम दुबे (15) और महीश तीक्षणा (दो) रन बनाकर आउट हुये। ट्रेंट बोल्ट की 17वें ओवर की पहली गेंद पर जोफ्रा आर्चर (30) शॉट मारने के प्रयास में बुमराह द्वारा लपके गये। इसी के साथ राजस्थान रॉयल्स 16.1 ओवर में 117 रन पर ढेर हो गई।
मुम्बई इंडियंस की ओर से ट्रेंट बोल्ट और कर्ण शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिये। जसप्रीत बुमराह को दो विकेट मिले। हार्दिक पंड्या और दीपक चाहर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी चुनी।
बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई के लिए रायन निरलटन और रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 116 रन जोड़े। 12वें ओवर में महीश तीक्षणा ने रायन रिकलटन को बोल्ड कर राजस्थान को पहली सफलता दिलाई।
रिकलटन ने 38 गेंदों में सात चौके और तीन छक्कों की मदद से (63) रन बनाये। मुम्बई का दूसरा विकेट रोहित शर्मा के रूप में गिरा। 13वें ओवर में रियान पराग की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में रोहित शर्मा को यशस्वी जायसवाल ने लांग ऑफ पर लपक लिया। रोहित शर्मा ने 36 गेंदों में नौ चौके लगाते हुए (53) रनों की पारी खेली।
मुम्बई ने 20 ओवरों में दो विकेट पर 217 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सूर्यकुमार यादव ने 23 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाते हुए (नाबाद 48) रन बनाये। कप्तान हार्दिक पंड्या ने 23 गेंदों में छह चौके ओर एक छक्के की मदद से (नाबाद 48) रनों की पारी खेली। राजस्थान रॉयल्स के लिए महीश तीक्षणा और रियान पराग ने एक-एक विकेट लिया।