Trending

संजू सैमसन विवाद में कूदे श्रीसंत, केसीए ने दिखाई सख्ती

अपने खिलाफ कथित तौर पर झूठे और अपमानजनक टिप्पणी को लेकर केरल क्रिकेट संघ ने पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत पर कार्रवाई की है। संघ ने उन पर 3 साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।

साभार : गूगल

चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया से संजू सैमसन के बाहर रहने को लेकर हुए विवाद के सिलसिले में श्रीसंत पर केसीए के खिलाफ झूठे और अपमानजनक बयान देने का आरोप है।

केसीए ने बयान में कहा कि यह फैसला 30 अप्रैल को कोच्चि में उसकी आमसभा की विशेष बैठक में हुआ। श्रीसंत केरल टीम में कोल्लम एरीस टीम के सह मालिक हैं। उनके विवादित बयान के सिलसिले में श्रीसंत, कोल्लम टीम, अलपुझा टीम लीड और अलपुझा रिपल्स को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे।

बयान में कहा गया ,‘फ्रेंचाइजी टीमों ने नोटिस का संतोषजनक जवाब दे दिया, उनके खिलाफ आगे कोई कार्रवाई नहीं होगी। बैठक में तय किया गया कि टीम प्रबंधन के सदस्यों की नियुक्ति के समय काफी एहतियात बरतने की सलाह दी जाएगी।’

इसमें यह भी कहा गया कि संजू सैमसन के पिता सैमसन विश्वनाथ और दो अन्य के खिलाफ संजू सैमसन का नाम लेकर बेबुनियाद आरोप लगाने के लिए मुआवजे का दावा किया जाएगा। केसीए ने दो बार के विश्व कप विजेता श्रीसंत को एक मलयालम टीवी चैनल पर परिचर्चा के दौरान सैमसन और केसीए से जुड़ी टिप्पणियों के कारण नोटिस जारी किया।

केसीए ने बयान में स्पष्ट किया कि नोटिस सैमसन का समर्थन करने के लिए नहीं दिया गया है बल्कि केसीए के खिलाफ भ्रामक और अपमानजनक टिप्पणियां करने पर दिया गया है।

श्रीसंत ने टीवी पर सैमसन के प्रति कथित तौर पर समर्थन जताते हुए केसीए पर आरोप लगाए थे। उन्होंने सैमसन और केरल के अन्य खिलाड़ियों का बचाव करने की भी बात कही थी। उन्होंने यह बयान विजय हजारे ट्रॉफी के लिए केरल टीम से सैमसन को बाहर करने को लेकर केसीए की आलोचना के बीच दिया था।

समझा जाता है कि केसीए के इस फैसले से चैम्पियंस ट्रॉफी के लिेए भारतीय टीम के सैमसन के चयन की संभावनाओं पर असर पड़ा।