Trending

गिल, बटलर और गेंदबाजों के दम पर गुजरात की हैदराबाद पर शानदार जीत

कप्तान शुभमन गिल (76), जॉस बटलर (64) और साई सुदर्शन (48) की बेहतरीन पारियों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से गुजरात टाइटंस ने शुक्रवार को आईपीएल के 51वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 38 रनों से हराया।

BCCI

225 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। प्रसिद्ध कृष्णा ने चौथे ओवर में ट्रेविस हेड (20) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा।

10वें ओवर में गेराल्ड कोएत्जी ने इशान किशन (13) को आउटकर सनराइजर्स को दूसरा झटका दिया। 15वें ओवर में इशांत शर्मा ने अभिषेक शर्मा को आउटकर गुजरात टाइटंस को बड़ी सफलता दिलाई। अभिषेक शर्मा ने 41 गेंदों में चार चौके और छह छक्के लगाते हुए (74) रनों की पारी खेली।

हाइनरिक क्लासन 18 गेंदों में (23) प्रसिद्ध कृष्णा ने अपना शिकार बनाया। 17वें ओवर में मोहम्मद सिराज ने अनिकेत वर्मा (तीन) और कामिंडु मेंडिस (शून्य) को आउट कर हैदराबाद की उम्मीदों को ध्वस्त कर दिया।

गुजरात टाइटंस के गेंदबाजी आक्रमण के आगे सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज तेजी के साथ रन बनाने में विफल रहे। नीतीश कुमार रेड्डी ने 19वें ओवर में तीन छक्के लगाकर कुछ समां बांधने की कोशिश की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

सनराइजर्स हैदराबाद निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 186 रन ही बना सकी और मुकाबला 38 रनों से हार गई। नीतीश कुमार रेड्डी ने 16 गेंदों में (नाबाद 21) और कप्तान पैट कमिंस ने 10 गेंदों में (नाबाद 19) रनों की पारी खेली।

गुजरात टाइटंस के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज ने दो-दो बल्लेबाजों को आउट किया। इशांत शर्मा और गेराल्ड कोएत्जी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।

बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की सलामी जोड़ी अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 87 रन जोड़। सातवें ओवर में जीशान अंसारी ने साई सुदर्शन को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। साई सुदर्शन ने 23 गेंदों में नौ चौके लगाते हुए 48 रनों की पारी खेली।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये जॉस बटलर ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए अभी 62 रन ही जोड़े थे कि रन लेने के प्रयास में शुभमन गिल रनआउट हो गये। गिल ने 38 गेंदों में 10 चौके और दो छ्क्के लगाते हुए (76) रन बनाये। 19वें ओवर में जॉस बटलर आउट हुये। उन्होंने 37 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के लगाते हुए (64) रन बनाये।

वहीं 20वें ओवर में गुजरात ने छह रन जोड़ कर अपने तीन विकेट गवां दिये। वॉशिंगटन सुंदर 16 गेंदों में (21),राहुल तेवतिया (छह) और राशिद खान (शून्य) पर आउट हुये। गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 224 रनों का स्कोर खड़ा किया। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए जयदेव उनादकट ने तीन विकेट लिये। पैट कमिंस और जीशान अंसारी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।