आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप : साइप्रस में भारतीय चुनौती, युवा जोश और अनुभव का संगम
भारतीय स्कीट शूटिंग टीम साल के तीसरे आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप में खेलने के लिए साइप्रस आ गई है। आज से खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में भारत को पेरू और अर्जेंटीना में किए गए शानदार प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद है। इस बार भारत से दो ओलंपियन खिलाड़ियों के साथ कई युवा और नए चेहरे मैदान में होंगे।

स्कीट प्रतियोगिताएं सोमवार से शुरू होंगी, जिसमें भारत के लिए पुरुष वर्ग में ओलंपियन मैराज अहमद खान और महिला वर्ग में महेश्वरी चौहान अगुवाई करेंगी। पुरुष टीम में उनके साथ अभय सिंह सेखों और ऋतुराज सिंह बुंदेला होंगे। अभय इस बार सीनियर वर्ल्ड कप में डेब्यू कर रहे हैं, जबकि ऋतुराज पिछले दो सालों में चार विश्व कप खेल चुके हैं।
महिला वर्ग में महेश्वरी के अलावा परीनाज़ धालीवाल और 18 वर्षीय यशस्वी राठौर टीम का हिस्सा हैं। यशस्वी का यह पहला सीनियर विश्व कप होगा।
इस वर्ल्ड कप में 54 नेशनल ओलंपिक कमेटियों के 350 से ज्यादा शूटर खेल रहे हैं। इसमें इटली और अमेरिका के अलावा कई पूर्व और मौजूदा विश्व व ओलंपिक चैंपियन भी होंगे। क्वालिफाइंग राउंड सोमवार से शुरू होंगे, जिसमें रोज़ाना दो राउंड में 25-25 क्ले टारगेट्स शूट किए जाएंगे। बुधवार को पांचवां राउंड और फाइनल मुकाबले होंगे।