दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन के लिए निलंबित
गुजरात टाइटंस के लिए दो मैच खेलने के बाद दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा ने निजी कारणों का हवाला देते हुए आईपीएल छोड़ा था। रबाडा इस महीने के अंत में 30 साल के हो जायेंगे। उन्होंने ‘दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर्स एसोसिएशन के माध्यम से एक बयान जारी किया। जिसमें उन्होंने माना कि प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन की वजह से वह अस्थायी निलंबन झेल रहे हैं।

रबाडा ने इस बयान में अपनी गलती के लिए माफी मांगते हुए कहा, ‘‘ जैसा की खबरों में बताया गया है कि मैं निजी कारणों से आईपीएल में खेलने के बाद दक्षिण अफ्रीका लौटा हूं। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि जांच में ऐसे प्रतिबंधित पदार्थ की पुष्टि हुई है जिसका इस्तेमाल नशे में मौज मस्ती के लिए किया जाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं अस्थाई तौर पर निलंबन झेल रहा हूं और अपने पसंदीदा खेल में जल्द लौटने के लिए उत्सुक हूं।’’ बयान में यह नहीं बताया गया कि उनके नमूने में किस पदार्थ की पुष्टि हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह जांच ‘प्रतियोगिता के दौरान (आईसी)’ हुई थी या ‘प्रतियोगिता से बाहर (ओओसी)’।