Trending

चेन्नई के खिलाफ रोमांचक जीत, बेंगलुरु की प्लेऑफ की उम्मीद कायम

आईपीएल के सांस रोक देने वाले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स को दो रन से मात देकर 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की कर ली है। आरसीबी ने पहले खेलते हुये पांच विकेट पर 213 रन बनाये, जवाब में चेन्नई 20 ओवर में पांच विकेट पर 211 रन ही बना सकी।

Getty Images

बेंगलुरु से जेकब बेथेल (55) और विराट कोहली (62) के बाद रोमारियो शेफ़र्ड (53 रन नाबाद, 14 गेंद चार चौके और छह छक्के) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुये चेन्नई सुपर किंग्स के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य निर्धारित करने में अहम भूमिका निभाई।

जवाब में आयुष म्हात्रे (94) और रविंद्र जडेजा (77 नाबाद) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुये जरुरी रन रेट के आसपास बने रहने का सफल प्रयास किया। उनके इस काज में भाग्य का भी साथ मिला जब बेंगलुरु के क्षेत्ररक्षकों ने चार आसान कैच टपकाये।

BCCI

आखिरी ओवर में चेन्नई को जीत के लिये 15 रन की जरुरत थी, यश दयाल ने अनुशासित गेंदबाजी कर चेन्नई को एक और हार झेलने पर विवश कर दिया।

अंतिम ओवर में यश द्वारा फेंकी गयी नो बॉल पर शिवम दुबे (8) ने छक्का जड़ कर अपनी टीम की वापसी करवाई थी, मगर दयाल ने आखिरी दो गेंदो पर सिर्फ सिंगल लेने की छूट दी और मैच चेन्नई के जबड़े से छीन लिया।

17 वर्षीय म्हात्रे आईपीएल से भारत की एक और सफल खोज साबित हुये। छह रन से चूके म्हात्रे ने 48 गेंदों में नौ चौके और पांच छक्के लगाये। दूसरे छोर पर जडेजा ने भी आज अपने हाथ खोले मगर चेन्नई को हार से बचाने में नाकाम रहे।

बेंगलुरु के लिये बेथेल और कोहली ने धमाकेदार शुरुआत की थी जबकि आखिरी के ओवरों में दर्शकों की सारी वाहवाही शेफर्ड लूट ले गये जब उन्होने 19वें और 20वें ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुये न सिर्फ अपना अर्धशतक पूरा कर लिया बल्कि चेन्नई के सामने एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखने में अहम भूमिका अदा की।

कोहली और बेथेल के आउट होने के बाद चेन्नई के गेंदबाजों के सामने बेंगलुरु का मध्यक्रम दवाब में बिखरता नजर आया। इन नाजुक क्षणों पर शेफर्ड तूफान बन कर सामने आये।

पारी के 19वें ओवर में उन्होने खलील अहमद की गेंदों पर शेफ़र्ड ने चार छक्के और दो छक्के ठोक कर मैदान पर उबाल ला दिया जबकि आखिरी ओवर में पथिराना की अनुशासित गेंदबाजी की बखिया उधेड़ कर रख दी।

चेन्नई ने टॉस जीत कर बेंगलुरु को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। सलामी बल्लेबाज बेथेल और कोहली की जोड़ी ने मैच के पहले ही ओवर से आक्रामक रुख अख्तियार किया और चेन्नई के गेंदबाजों की धुनायी करते हुये स्कोरबोर्ड को तेजी से चलाया।
बेथेल ने अपनी अर्धशतकीय पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाये वहीं दूसरे छोर पर कोहली ने पांच चौके और इतने ही छक्के जड़े।

कप्तान धोनी ने खतरनाक हो रही इस भागीदारी को तोड़ने के लिये अपने गेंदबाजों को बदल बदल कर लगाया और आखिरकार उन्होने पारी का दसवां ओवर महीषा पथिराना को दिया जिन्होंने कप्तान को निराश नहीं किया और अपने पहले ही ओवर में बेथेल को चलता कर दिया जबकि सैम करन ने कोहली को पवेलियन का रास्ता दिखाया जब शॉर्ट गेंद को सीधा खेलने के चक्कर में कोहली बैकवर्ड प्वाइंट पर खड़े खलील के हाथों लपके गये।

एक के बाद एक दो विकेट गिरने के बाद आरसीबी की रनो की रफ्तार पर भी कमी आयी और दवाब से उबरने के प्रयास में देवदत्त पड़िक्कल (17) को पथिराना ने एक ललचाती हुयी गेंद पर रविंद्र जडेजा के हाथो कैच आउट कराया।

चेन्नई को चौथी सफलता नूर अहमद ने जितेश शर्मा (7) के विकेट के तौर पर दिलायी। दवाब के चलते रजत पाटीदार (11) पथिराना के तीसरे ओवर में उनके तीसरे शिकार बन गये।