खलील के ‘भ्रम’ ने खोला मेरे बड़े शॉट्स का रास्ता: शेफर्ड
आरसीबी बल्लेबाज रोमारियो शेफर्ड ने बोला कि उन्हें खलील अहमद के हाव भाव देखकर लगा कि वह भ्रम की स्थिति में है जिससे उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ डेथ ओवरों में इस तेज गेंदबाज पर लंबे शॉट खेलने में मदद मिली।

शेफर्ड ने शनिवार को हुए आईपीएल के एक रोमांचक मैच में 14 गेंद में नाबाद 53 रन की तूफानी पारी खेलकर आरसीबी को दो रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने इस दौरान आईपीएल में दूसरा सबसे तेज अर्ध शतक बनाया।
उन्होंने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो, मेरा ध्यान गेंदबाज पर और वह क्या करने की कोशिश कर रहा था, उस पर अधिक था।
जब मैंने पहले दो (छक्के) मारे, तो मुझे पता चला कि गेंदबाज दबाव में था। मैंने उसके (खलील अहमद) हाव भाव देखे। मुझे वह थोड़ा भ्रमित लग रहा था और तब मुझे लगा कि वह मेरी जद में है और इसलिए मुझे अपना स्वाभाविक खेल खेलना है।’’
शेफर्ड ने अहमद के पारी के 19वें ओवर में 33 रन और मथीशा पथिराना के पारी के 20वें ओवर में 21 रन बनाए जिससे आरसीबी ने पांच विकेट पर 213 रन बनाया। गयाना के क्रिकेटर ने कहा कि वह सभी गेंदों को सीमा रेखा के बाहर मारने के बारे में पहले से सोच-विचार नहीं कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं क्रीज पर उतरा तो मुझे अंदाजा हो गया कि वे किस तरह की गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं उनका अच्छी तरह से सामना करने के लिए तैयार था।
तब टिमी (टिम डेविड) ने मुझे अपने हाथ खोले रखने की सलाह दी। इस तरह से मैंने लंबे शॉट खेलने के लिए खुद को अच्छी तरह से तैयार किया था।’’ शेफर्ड ने जब गेंदबाजी की आयुष म्हात्रे और रवींद्र जड़ेजा ने मिलकर उनके एकमात्र ओवर में 18 रन बटोर दिए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं यही कहूंगा कि आज का दिन गेंदबाजों का नहीं था। मुझे बल्लेबाजी में मौका मिला और मैंने उसका फायदा उठाने की पूरी कोशिश की।’’