Trending

अक्षर की फिटनेस पर सबकी निगाहें, दिल्ली के लिए हैदराबाद से मुकाबला करो या मरो

दिल्ली कैपिटल्स घरेलू मैदान पर कमजोर प्रदर्शन से उबरकर सोमवार को निचले हाफ में चल रही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत की राह पर लौटने के इरादे से उतरेगी।

साभार : गूगल

दिल्ली को पिछले मैच में अपने घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 14 हार मिली, टीम ने विरोधियों के मैदान पर बेहतर प्रदर्शन की बदौलत प्ले ऑफ में जगह बनाने की उम्मीद कायम रखी है। दिल्ली टीम पैट कमिंस की टीम के खिलाफ भी उसके मैदान पर जीतना चाहेगी।

अक्षर पटेल चोट से जूझ रह हैं। वह 30 अप्रैल को नाइट राइडर्स के खिलाफ क्षेत्ररक्षण करते समय बाएं हाथ में चोट लगने के बाद मैदान से चले गए थे। अक्षर ने चोटिल होने के बाद भी 23 गेंद में 43 रन की उम्दा पारी खेली थी। अगर वह चोट से पूरी तरह नहीं उबरते हैं तो उन्हें गेंदबाजी में समस्या हो सकती है।

दिल्ली कैपिटल्स 10 मैच में 12 अंक के साथ पांचवें स्थान पर है। अक्षर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और अगर वह नहीं खेलते या मैच में उनकी भूमिका सीमित होती है तो इससे टीम के प्रदर्शन पर असर पड़ेगा।

टीम को अपने पिछले दो मैच में घरेलू मैदान पर नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार मिली। दिल्ली ने अपने पिछले पांच में से तीन मुकाबले हारे और टीम लीग के इस महत्वपूर्ण चरण में और झटकों से बचने की कोशिश करेगी।

नाइट राइडर्स के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज फाफ डु प्लेसी ने फॉर्म में वापसी करते हुए अर्धशतक जड़ा था लेकिन धीमी पिच से सामंजस्य बैठाना उनके लिए चिंता का विषय है।

केएल राहुल नौ मैच में 371 रन के साथ दिल्ली के शीर्ष रन स्कोरर है लेकिन वह घरेलू मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 39 गेंद में 41 रन ही बना पाए। नाइट राइडर्स के खिलाफ वह सात रन बनाकर सुनील नारायण के स्टीक थ्रो का शिकार बने।

विकेटकीपर-बल्लेबाज राहुल कमिंस, मोहम्मद शमी और हर्षल पटेल का सामना करने के लिए खुद को तैयार करेंगे क्योंकि सनराइजर्स की यह तिकड़ी किसी भी बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने में सक्षम है।

अभिषेक पोरेल ने भी शीर्ष क्रम में काफी आक्रामक बल्लेबाजी की है और एक अर्धशतक सहित 250 से अधिक रन बनाए हैं लेकिन मौजूदा सत्र में अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे हैं।

दिल्ली के बल्लेबाजी क्रम में गेंदबाजी ऑलराउंडर विपराज निगम जैसे खिलाड़ी भी हैं जो अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं लेकिन यह दिल्ली की गेंदबाजी है जो उन्हें जीत के लिए पूरी ताकत लगाने का आत्मविश्वास देती है।

तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की अगुआई में दुष्मंता चमीरा और मुकेश कुमार के साथ दिल्ली मजबूत स्थिति में है। अक्षर पूरी तरह से फिट होते हैं तो दिल्ली कैपिटल्स के पास आईपीएल 2025 में सबसे ताकतवर आक्रमण में से एक है।

नाइट राइडर्स के खिलाफ पिछले मैच में स्टार्क और अक्षर ने मिलकर पांच विकेट लिए थे। हालांकि मौजूदा आईपीएल चैंपियन ने फिर भी 200 से अधिक का स्कोर बनाया जो माना जा सकता है विकेट की प्रकृति के कारण संभव हुआ।

सनराइजर्स टीम अपने पास मौजूदा अनुभव का फायदा नहीं उठा पाई। कमिंस की अगुआई में शमी, ट्रेविस हेड, इशान किशन, हेनरिक क्लासेन और जयदेव उनादकट की मौजूदगी वाली टीम संघर्ष कर रही है।

उनादकट ने हाल ही में सनराइजर्स के लड़खड़ाते आईपीएल अभियान पर खुलकर बात की। उन्होंने प्रभावहीन गेंदबाजी और बदलती पिच की स्थिति को टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार ठहराया। शुक्रवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 38 रन से हार के बाद टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है।

सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), अथर्व तायडे, अभिनव मनोहर, अनिकेत वर्मा, सचिन बेबी, स्मरण रविचंद्रन, हेनरिक क्लासेन, ट्रेविस हेड, हर्षल पटेल, कामिंदु मेंडिस, वियान मुल्डर, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद शमी, राहुल चाहर, सिमरजीत सिंह, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट, और इशान मलिंगा

दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), जेक फ्रेजर-मैकगर्क, अभिषेक पोरेल, करुण नायर, लोकेश राहुल, ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार, समीर रिजवी, दर्शन नालकंडे, डोनोवन फरेरा, त्रिपुराना विजय, दुष्मंता चमीरा, फाफ डु प्लेसी, टी नटराजन, अजय जादव मंडल, मनवंत कुमार एल और माधव तिवारी