लखनऊ के कप्तान पंत का शर्मनाक प्रदर्शन, टीम पर भारी
आईपीएल 2025 में अगर कोई सबसे घटिया प्रदर्शन कर रहा है तो वह हैं लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत। आईपीएल के मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ के बिके ऋषभ पंत के आंकड़े इस सीजन महाघटिया हैं।

मौजूदा सीजन के आंकड़ों को देखकर एलएसजी ओनर संजीव गोयनका भी माथा पीट लेंगे। आपको जानकर हैरानी होगी कि अपनी टीम के लिए ही रन बनाने के मामले में ऋषभ पंत सातवें नंबर पर हैं। सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वे 61वें नंबर पर हैं।
ऋषभ पंत आईपीएल में कम से कम 10 पारियों के बाद सबसे घटिया एवरेज रखते हैं। ऋषभ पंत से खराब किसी का भी औसत नहीं हैं, जिन्होंने 10 पारियों में बल्लेबाजी की है। ऋषभ पंत का औसत आईपीएल 2025 में 12.80 का है। वहीं, स्ट्राइक रेट महज 99.22 का है।
स्ट्राइक रेट भी कम से कम 10 पारियां खेलने वाले बल्लेबाजों में ऋषभ पंत का सबसे खराब है। वे 11 मैचों की 10 पारियों में बल्लेबाजी करने उतरे हैं और सिर्फ 128 रन बना सके हैं। इनमें से भी 63 रन उन्होंने एक पारी में जड़े हैं। कप्तानी के मामले में भी अब ऋषभ पंत फीके दिखाई दे रहे हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस सीजन अब तक 11 मैच खेले हैं, जिनमें से 5 मैचों में ही टीम को जीत मिली है। पिछले 5 में से चार मुकाबले एलएसजी ने हारे और जो एक मैच जीता भी है, वह 2 रन से राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीता था। अगर उस मैच को भी टीम हार जाती तो इस समय प्लेऑफ्स की रेस से बाहर होने की कगार पर खड़ी होती।
पंजाब किंग्स के खिलाफ रविवार को उनसे उम्मीद की जा रही थी कि वे बड़ी पारी खेलेंगे, लेकिन 17 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए। इस मैच में एलएसजी को 37 रनों से हार का सामना करना पड़ा।