Trending

रणजी ट्रॉफी के स्टार हर्ष दुबे आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े

कर्नाटक के 22 वर्षीय बल्लेबाज रविचंद्रन स्मरण को सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2025 के लिए अपने साथ जोड़ा था। वे एडम जम्पा के चोटिल होने के बाद टीम में आए थे, लेकिन बिना मैच खेले टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

@SunRisers

अब उन्हीं के रिप्लेसमेंट की पुष्टि सनराइजर्स हैदराबाद और आईपीएल की ओर से की गई है। रणजी ट्रॉफी के सुपरस्टार के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने साझेदारी की है। रविचंद्रन स्मरण की जगह अब आईपीएल 2025 के बाकी बचे मैचों के लिए हैदराबाद की टीम में हर्ष दुबे होंगे।

22 वर्षीय हर्ष दुबे बाएं हाथ के स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर हैं, जो घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड तब तोड़ा, जब उन्होंने विदर्भ के लिए 2024-25 का खिताब जीतने के लिए 69 विकेट लिए।

इससे वे 2018-19 सीजन में आशुतोष अमन के 68 विकेट के रिकॉर्ड से एक कदम आगे निकल गए। उनको सनराइजर्स हैदराबाद ने 30 लाख रुपये की बेस प्राइस में खरीदा है। आईपीएल के ऑक्शन के लिए उन्होंने इतनी ही बेस प्राइस पर रजिस्टर किया था।

रेड बॉल क्रिकेट में हर्ष दुबे के आंकड़े दमदार हैं, लेकिन व्हाइट बॉल क्रिकेट में उन्होंने ज्यादा कुछ हासिल नहीं किया है। 21 विकेट उनको 20 पारियों में लिस्ट ए क्रिकेट में मिले हैं और टी20 क्रिकेट में 16 पारियों में सिर्फ 9 विकेट मिले हैं।

अगर बात सनराइजर्स हैदराबाद की करें तो टीम को चार मैच खेलने हैं। टीम के प्लेऑफ्स में पहुंचने के चांस बहुत ही ज्यादा कम हैं। एक भी मैच हारने पर टीम प्लेऑफ्स की रेस से आधिकारिक तौर पर बाहर हो जाएगी।

आज एसआरएच को दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ना है। पिछले साल की उपविजेता टीम इस सीजन ज्यादा से ज्यादा 14 अंक हासिल कर सकती है, जिससे कि चौथे पायदान पर पहुंचा जा सकता है, लेकिन अन्य टीमों के नतीजों पर भी टीम को निर्भर रहना होगा।