कानपुर में पांच इमारत में लगी आग, एक दंपति समेत तीन नाबालिग बेटियों की मौत

बीएस राय। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के चमनगंज इलाके में पांच मंजिला इमारत में लगी आग में एक दंपति और उनकी तीन नाबालिग बेटियों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि प्रेम नगर इलाके में स्थित पूरी इमारत में भीषण आग लग गई। इमारत की पहली और दूसरी मंजिल पर जूता बनाने वाली इकाइयां हैं।

अतिरिक्त डीसीपी (मध्य) राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि मोहम्मद दानिश (45) और उनकी पत्नी नाजनीन सबा (42) के शव चौथी मंजिल से रात करीब एक बजे बरामद किए गए, जबकि उनकी बेटियों सारा (15), सिमरा (12) और इनाया (7) के शव सुबह करीब छह बजे उसी मंजिल पर मिले।

अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों को चौथी मंजिल तक पहुंचने में कई घंटे लग गए। पीड़ितों को उर्सुला हॉर्समैन मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, पड़ोसियों ने रविवार रात इमारत से भीषण आग और घना धुआं निकलता देखा और दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सहायक पुलिस आयुक्त (सीसमऊ) मंजय सिंह ने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

एसीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आग बेसमेंट में लगी और पड़ोसियों द्वारा देखे जाने से पहले पहली और दूसरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। एसीपी ने कहा, “शुरुआती संदेह शॉर्ट सर्किट या आंतरिक वायरिंग में खराबी की ओर इशारा करता है, जो संभवतः उस मंजिल से उत्पन्न हुई थी जहां जूता कारखाना चल रहा था।”

उन्होंने कहा, “आग के कारण कुछ घरेलू एलपीजी सिलेंडरों में विस्फोट हो गया, जिससे स्थिति और खराब हो गई।” एसीपी (कर्नलगंज) टीबी सिंह ने कहा कि आग को पूरी तरह से बुझाने के लिए राहत अभियान में दमकलकर्मियों की मदद के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों को भी बुलाया गया।

उन्होंने कहा, “आस-पास की आधा दर्जन से अधिक इमारतों से लोगों को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निकाला गया।” एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को इमारत की वैधता और अग्नि सुरक्षा स्थिति की जांच करने और तदनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।