Trending

बारिश ने बदला खेल, गुजरात की रोमांचक जीत!

जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और अश्वनी कुमार की बेहतरीन गेंदबाजी के बावजूद से मुंबई बारिश से प्रभावित आईपीएल के 56वें मैच में गुजरात से डकवर्थ लुईस पद्धति से तीन विकेट से हार गया।

@IPL

इस मैच को जीतकर टाइटंस 16 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर आ गयी। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 155 रन बनाये। टाइटंस ने लक्ष्य का पीछा करते समय 18 ओवर में छह विकेट पर 132 रन बना लिये, बारिश के कारण खेल को रोकना पड़ा।

मैच जब दोबारा शुरू हुआ तो टाइटंस को डकवर्थ लुइस पद्धति से एक ओवर में 15 रन बनाने का लक्ष्य मिला जिसे टीम ने आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया। दीपक चाहर के इस ओवर में गेराल्ड कोएत्जी (12) ने छक्का जबकि राहुल तेवतिया (नाबाद 11) ने चौका लगाया। चाहर ने कोएत्जी को आउट कर मैच में रोमांच जारी रखा, अरशद खान आखिरी गेंद पर एक रन चुराने में सफल रहे।

मैच के 14वें ओवर के बाद भी बारिश ने खलल डाला था उस समय टाइटंस अच्छी स्थिति में थी, लगभग 25 मिनट के अंतराल के बाद मैच शुरू होने पर बुमराह ने टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल और शाहरूख खान जबकि बोल्ट ने शरफेन रदरफोर्ड को आउट कर मैच पर मुंबई की पकड़ मजबूत कर दी।

बुमराह ने 19 रन देकर दो जबकि बोल्ट ने 22 रन देकर दो विकेट लिये। कोर्बिन बॉश की जगह ‘कनकशन सब्स्टीट्यूट ’ के तौर पर मैदान पर आये अश्वनी कुमार ने भी 28 रन देकर दो विकेट लिये।

टाइटंस के लिए गिल ने 46 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए जोस बटलर (30) के साथ 63 गेंद में 72 रन जबकि रदरफोर्ड (28) के साथ 20 गेंद में 35 रन की साझेदारी की।

बटलर ने 27 गेंद में तीन चौके और एक छक्का लगाया जबकि रदरफोर्ड ने 15 गेंद की पारी में दो चौके और दो छक्के लगाये। विल जैक्स ने दो जीवनदान से अर्धशतकीय पारी खेली, टाइटंस ने मुंबई को आठ विकेट पर 155 रन पर रोक दिया।

जैक्स ने 35 गेंद की पारी में पांच चौके और तीन छक्के जड़कर 53 रन बनाने के अलावा तीसरे विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव के साथ 43 गेंद में 71 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी लेकिन शुभमन गिल की शानदार कप्तानी और गेंदबाजों के कमाल के प्रदर्शन से इस साझेदारी के टूटने के बाद मुंबई लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रही जिससे रनगति पर ब्रेक लग गया।

बॉश (22 गेंद में 27 रन) ने आखिरी ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा के खिलाफ दो छक्के जड़कर टीम को 150 रन तक पहुंचाया। गुजरात से साई किशोर ने दो जबकि मोहम्मद सिराज, अरशद खान, राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा और  कोएत्जी ने एक-एक विकेट लिये।

लक्ष्य का पीछा करते समय गुजरात की पारी की शुरुआत में तेज हवा से बल्लेबाजों को परेशानी हो रही थी और दूसरे ओवर में बोल्ट ने शानदार लय में चल रहे साई सुदर्शन (पांच) को आउट कर टीम को बड़ी सफलता दिलायी।

बोल्ट और बुमराह ने गुजरात के बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका नहीं दिया। गिल ने बोल्ट के खिलाफ चौका तो वहीं बटलर ने छक्का लगाया, टीम पावरप्ले में एक विकेट पर 29 रन ही बना सकी।

बटलर ने दीपक चाहर के खिलाफ सातवें ओवर में दो चौके तो वही गिल ने हार्दिक के खिलाफ छक्का लगाकर दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। हार्दिक ने इस ओवर में तीन वाइड और दो नोबेल सहित 18 रन देकर गुजरात के बल्लेबाजों का दबाव कम कर दिया।

अश्वनी ने अपने पहले ओवर में पांच रन खर्च किये जिससे 10 ओवर के बाद टाइटंस का स्कोर एक विकेट पर 68 रन था। अश्वनी के अगले ओवर में तिलक वर्मा ने गिल का आसान कैच टपकाया लेकिन अगली गेंद बटलर के बल्ले को छूकर विकेटकीपर रिकलटन के हाथों में चली गयी।

बटलर ने 27 गेंद में तीन चौके और एक छक्का की मदद से 30 रन बनाये। क्रीज पर आये शरफेन रदरफोर्ड ने विल जैक्स की शुरुआती तीन गेंदों पर संघर्ष करने के बाद आखिरी तीन गेंदों पर दो चौके और छक्का लगाकर आत्मविश्वास हासिल किया।

उन्होंने अश्वनी के खिलाफ अपनी पारी का दूसरा छक्का लगाकर टीम के रनों का शतक पूरा करने के साथ मुंबई के गेंदबाजों को हावी होने से रोके रखा। टाइटंस ने 14वें ओवर के बाद टाइम आउट लिया लेकिन बारिश तेज होने के कारण अंपायरों को खेल को रोकने का फैसला किया।

मैच 25 मिनट की रुकावट के बाद फिर से शुरू हुआ तो गिल से बुमराह के खिलाफ चौका जड़ा लेकिन इस दिग्गज गेंदबाज ने स्टंप उखाड़ कर टाइटंस के कप्तान को पवेलियन भेजा। उन्होंने अपने अगले ओवर में शाहरुख खान (छह) को भी इसी अंदाज में बोल्ड किया। इस बीच बोल्ट ने रदरफोर्ड को पगबाधा कर टाइटंस को बड़ा झटका दिया।

अश्वनी ने राशिद को बोल्ड कर मैच पर मुंबई की पकड़ काफी मजबूत कर दी। टाइटंस को दो ओवर में 24 रन की जरूरत थी और उसके चार विकेट बचे थे। बारिश ने फिर खलल डाली और मैच जब दोबारा शुरू हुआ तो टाइटंस के सामने एक ओवर में 15 रन बनाने की चुनौती थी जिसे टीम ने हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला करने के बाद मोहम्मद सिराज ने पहले ओवर में ही रेयान रिकलटन (दो) को चलताकर टाइटंस को शानदार शुरुआत दिलायी। रिकलटन का शानदार कैच लपकने वाले साई सुदर्शन ने इसी ओवर में जैक्स का कैच टपकाकर जीवनदान दिया।

इस बल्लेबाज ने सिराज का अगले ओवर में स्वागत छक्का और चौका से किया। चौथे ओवर में गेंदबाजी के लिए आये अरशद खान ने शानदार लय में चल रहे रोहित की सात रन की पारी को खत्म कर गुजरात को बड़ी सफलता दिलायी।

सूर्यकुमार यादव ने प्रसिद्ध कृष्णा का स्वागत लगातार दो चौके से किया लेकिन इसी ओवर में साई किशोर ने उनका आसान कैच छोड़ा। जैक्स ने भी दूसरे छोर से अरशद के खिलाफ तीन चौके जड़े लेकिन मोहम्मद सिराज ने उनका आसान कैच टपका कर दूसरा जीवनदान दिया।

पावरप्ले के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 56 रन था। किशोर और राशिद अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे लेकिन जैक्स और सूर्यकुमार रनगति को बनाये रखने में कामयाब रहे।

जैक्स ने सातवें ओवर और फिर 11वें ओवर में साई किशोर के खिलाफ छक्के के साथ 29 गेंद में मौजूदा सत्र का पहला अर्धशतक पूरा किया। इसी ओवर में सूर्यकुमार यादव बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में गेंद को  एक्स्ट्रा कवर क्षेत्र में शाहरूख खान के हाथों में खेल गये।

मुंबई ने 12वें ओवर में रनों का शतक पूरा किया लेकिन राशिद ने इसी ओवर में जैक्स को पवेलियन की राह दिखा दी। किशोर ने अगले ओवर में हार्दिक पंड्या (एक) को अपनी फिरकी में फंसा लिया। स्लिप में खड़े गिल ने पीछे दौड़ते हुए शानदार कैच लपका।

गिल ने 14वें ओवर में पहली बार गेंद गेराल्ड कोएत्जी को थमाई और दक्षिण अफ्रीका के इस गेदबाज ने तिलक वर्मा (सात) को आउट कर उनके फैसले को सही साबित किया। दूसरे छोर से प्रसिद्ध ने नमन धीर (सात) को पवेलियन की राह दिखाकर पूरी तरह से शिकजा कस दिया।

बॉश ने संभल कर खेलने के बाद आखिरी ओवर में रनआउट होने से पहले कृष्णा की लगातार गेंदों पर छक्का लगाया। चाहर (नाबाद आठ) ने आखिरी गेंद पर चौके के साथ पारी को खत्म किया।