ऑपरेशन सिंदूर के बाद बदलाव, अब इस मैदान पर होगा मुंबई-पंजाब का मैच
आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले मुकाबले के वेन्यू में बदलाव हुआ है। दोनों टीमों के बीच ये मैच 11 मई को धर्मशाला में होने वाला था।

लेकिन पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर भारत के मिसाइल हमले के बाद धर्मशाला हवाई अड्डा अस्थायी रूप से बंद किया गया है, जिसके कारण बीसीसीआई को आखिरी समय में इस मैच के वेन्यू में बदलाव करना पड़ा।
गुजरात क्रिकेट संघ के सचिव अनिल पटेल ने इसकी पुष्टि की। मैच दोपहर में होगा। पटेल ने कहा ,‘‘ बीसीसीआई ने अनुरोध किया था जो हमने स्वीकार कर लिया। मुंबई टीम आज शाम यहां पहुंच रही है और पंजाब की यात्रा के कार्यक्रम के बारे में बाद में पता चलेगा।’’
धर्मशाला में गुरुवार को पंजाब और दिल्ली का मैच होना है। 11 मई को पंजाब और मुंबई का मैच वहां होने वाला था। ऑपरेशन सिंदूर के चलते धर्मशाला, जम्मू और चंडीगढ़ सहित कई हवाई अड्डे बंद किए गए हैं, जिससे मुंबई इंडियंस बुधवार को धर्मशाला नहीं जा पाएगी।
दिल्ली और पंजाब का मैच धर्मशाला में ही होगा क्योंकि दोनों टीमें वहां आ गई है। पंजाब किंग्स के एक अधिकारी ने कहा कि बीसीसीआई ने अभी तक मैदान बदलने को लेकर उसे सूचित नहीं किया है। उन्होंने कहा ,‘‘ अभी हमें कोई सूचना नहीं मिली है। तस्वीर स्पष्ट होने के बाद यात्रा का कार्यक्रम तय किया जा सकता है।’’
धर्मशाला पंजाब किंग्स टीम का दूसरा घरेलू मैदान है। पंजाब टीम को यात्रा संबंधी कोई दिक्कत नहीं है क्योंकि वे इस सप्ताह के अंत तक वहीं रहेंगे। दिल्ली को देखना होगा कि उसके खिलाड़ी वापिस कैसे आयेंगे जिन्हें रविवार को अरूण जेटली स्टेडियम पर गुजरात टाइटंस से खेलना है।
पहलगाम में आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में नौ ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इसके बाद से देश में उत्तर और पश्चिम हिस्सों के कम से कम 18 हवाई अड्डे बंद कर दिये गए हैं, जिनमें श्रीनगर, लेह, जम्मू, अमृतसर, पठानकोट, चंडीगढ, जोधपुर, जैसलमेर, शिमला, धर्मशाला और जामनगर है।