क्रिकेटरों ने भरी हुंकार, सेना के पराक्रम को सलाम, पाक को सबक सिखाने का आह्वान
भारत द्वारा पहलगाम हमले का बदला लेने के बाद पाकिस्तान बौखला गया है। पाक ने लगातार दूसरे दिन मिसाइल और ड्रोन से हमले किए। भारतीय सेना जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात आदि में कड़ा जवाब दे रही है।

भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तानी मिसाइलों को हवा में ही मार गिया। पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों में हमले की कोशिश की, जिसके बाद क्रिकेटरों ने हुंकार भरी है। पूर्व खिलाड़ियों ने भारतीय सेना को सलाम करते हुए कहा कि पाकिस्तान की तो अक्ल ठिकाने लगा देंगे।
भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने कहा, ”हमारी सीमाओं की इतनी मजबूती से रक्षा करने और जम्मू पर ड्रोन हमले को रोकने के लिए हमारे बहादुर जवानों को नमन। भारत मजबूती से खड़ा है। जय हिंद।”

पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा, ”जय भारत। जय जवान। हर हर महादेव।”

पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने कहा, ”ऐसे समय में दुनिया देखती है कि भारत वास्तव में कितना मजबूत और एकजुट है। हम अपने सशस्त्र बलों के साथ मजबूती से खड़े हैं क्योंकि वे हमारे देश और हमारी हर चीज की रक्षा करते हैं।”

पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने कहा, ”पाकिस्तान ने युद्ध का रास्ता चुना, जब उसके पास चुप रहने का मौका था। उसने अपनी आतंकी संपत्तियों को बचाने के लिए ऐसा किया, यह उसके बारे में बहुत कुछ कहता है। हमारी सेनाएं सबसे उचित तरीके से जवाब देंगी, ऐसा तरीका जिसे पाकिस्तान कभी नहीं भूलेगा”

22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी। भारतीय सशस्त्र बलों ने 15 दिन बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए। पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने कहा, ‘पाकिस्तान एक दुष्ट देश है। भारत उसकी किसी भी तरह अक्ल ठिकाने लगा सकता है।”

इसके बाद पाकिस्तान बाज नहीं आया और हमला करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में भारत ने कामिकेज ड्रोन दागे और लाहौर में पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट कर दिया। वहीं, गुरुवार रात को जम्मू, पठानकोट और उधमपुर स्थित सैन्य स्टेशनों समेत विभिन्न प्रमुख भारतीय प्रतिष्ठानों पर ड्रोन और मिसाइल से हमला करने की पाकिस्तान की कोशिशों को विफल कर दिया।