लॉस एंजेलिस 2028 : कोलिज़ियम और सोफी स्टेडियम बनेंगे उद्घाटन और समापन के साक्षी
2028 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों के उद्घाटन और समापन लॉस एंजेलिस मेमोरियल कोलिज़ियम और इंग्लवुड स्थित सोफी स्टेडियम में होगा।

ओलंपिक उद्घाटन पहली बार दो स्थानों – ऐतिहासिक कोलिज़ियम और आधुनिक सोफी स्टेडियम – में साझा रूप से आयोजित होगा। कोलिज़ियम ओलंपिक इतिहास में तीन बार खेलों की मेजबानी करने वाला पहला स्थल बन जाएगा।
एलए28 चेयरपर्सन और प्रेसिडेंट केसी वासरमैन ने कहा, “ये दोनों स्थल लॉस एंजेलिस की खेल विरासत और तकनीकी प्रगति का प्रतीक हैं। दुनियाभर से आने वाले दर्शकों के लिए यह अनुभव अविस्मरणीय होगा।”
ओलंपिक का समापन कोलिज़ियम में आयोजित होगा, जिसे आयोजनकर्ता ‘अविस्मरणीय उत्सव’ बता रहे हैं। पैरालंपिक का उद्घाटन सोफी स्टेडियम में होगा, जबकि समापन कोलिज़ियम में सम्पन्न होगा। लॉस एंजेलिस ने 1932 और 1984 में ओलंपिक की मेजबानी की थी। लेकिन 2028 पहली बार होगा जब यह शहर पैरालंपिक खेलों की भी मेजबानी करेगा।
आयोजकों ने बताया, “पैरालंपिक समापन एलए28 खेलों की अंतिम यादगार झलक होगा, जो ओलंपिक और पैरालंपिक आंदोलन को लॉस एंजेलिस से स्थायी रूप से जोड़ देगा।”
एलए28 ने पिछले महीने कुछ अन्य आयोजन स्थलों का ऐलान किया था। बीच वॉलीबॉल की प्रतियोगिताएं लॉन्ग बीच के अलामिटोस बीच पर होंगी, जबकि स्क्वैश खेल हॉलीवुड के यूनिवर्सल स्टूडियो में अपनी ओलंपिक शुरुआत करेगा।