इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय क्रिकेट में भूचाल: रोहित के बाद अब विराट के संन्यास की खबर!
पांच मैच की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर भारत को जाना है। इस टूर से पहले कप्तान रोहित के अचानक रिटायर होने से हर कोई हैरान है। फैंस इस खबर को पचा भी नहीं पाए थे कि विराट को लेकर एक हैरान कर देने वाली रिपोर्ट सामने आई है।

एक अंग्रेजी अखबार के अनुसार विराट भी इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट से रिटायर होने का मन बना चुके हैं, इसकी जानकारी उन्होंने बीसीसीआई को भी दे दी है। बीसीसीआई के आला अधिकारियों ने उन्हें इस फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।
सूत्रों ने बताया, “उन्होंने अपना मन बना लिया है और बोर्ड को सूचित कर दिया है कि वह टेस्ट क्रिकेट से दूर जा रहे हैं। बीसीसीआई ने उनसे इस पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है, क्योंकि इंग्लैंड का महत्वपूर्ण दौरा आने वाला है। उन्होंने इस अनुरोध पर कोई जवाब नहीं दिया है।”
कोहली का यह फैसला रोहित शर्मा के कुछ दिन पहले टेस्ट से रिटायरमेंट लेने के बाद आया है। अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समीति अगले महीने इंग्लैंड में होने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम चुनने के लिए कुछ दिनों में बैठक करने वाले हैं।
कोहली इस वर्ष की शुरूआत में आस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के बाद से ही अपने टेस्ट भविष्य पर विचार कर रहे हैं। कोहली ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहले टेस्ट में शतक जरूर बनाया था, मगर उसके बाद वह लगातार फेल हुए और एक ही तरीके से आउट हुए।
अगर विराट कोहली अपना नहीं बदलते तो उनकी और रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में भारत की कम अनुभव वाली टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी। टॉप ऑर्डर में शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल होंगे। मिडिल ऑर्डर में ऋषभ पंत होंगे।
रोहित के रिटायरमेंट के बाद वैसे ही चयनकर्ताओं को नए कप्तान को चुनने की सिरदर्दी है, ऐसे में कोहली अगर संन्यास लेते हैं तो यह बड़ा झटका होगा।