क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी : जाने आईपीएल 2025 के आयोजन का फ्यूचर प्लान
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ दिनों से तनातनी चल रही थी। बीते कुछ दिन से पाकिस्तान के द्वारा भारत के कई शहरों और इलाकों में ड्रोन हमले किए गए।

हालांकि, ज्यादातर हमलों को भारतीय सेना ने विफल कर दिया। 8 मई को आईपीएल 2025 मैच को रोक दिया गया था और 9 मई को आईपीएल 2025 को एक सप्ताह के लिए रोक दिया था। हालांकि, अब भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर (युद्धविराम) का ऐलान हो गया है।
ऐसे में अब संभावना है कि आईपीएल 2025 के बाकी मैच अगले सप्ताह से खेले जा सकते हैं। दरअसल, 22 अप्रैल को पहलगाम में पाकिस्तान परस्त आतंकवादियों ने पर्टयकों पर हमला किया था, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी। इसमें एक नागरिक नेपाल का भी था।
इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के कई हिस्सों में एयर टू सरफेस मिसाइल से हमला किया, जिसमें दर्जनों आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है। भारत ने 9 हिस्सों पर बमबारी की थी। इस मिशन को ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया था। इसके बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ था और उसे भारत के नागरिकों को निशाना बनाने की कोशिश की थी।
भारत ने जब 6-7 मई की रात को पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमला किया था तो इसके बाद से पाकिस्तान ने कई हमले भारतीय नागरिकों पर किए। 7 मई की रात से ये सिलसिला शुरू हुआ, जो थमा नहीं।
8 मई को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2025 का 58वां लीग मैच खेला जा रहा था। इस मैच को बीच में ब्लैकआउट के कारण रोक दिया गया था। अगले दिन बीसीसीआई ने लीग को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया। हालांकि, अब फिर से आईपीएल शुरू हो सकता है।
आईपीएल के 52 मैच खेले जा चुके है और 16 मुकाबले अभी शेष हैं, जिनमें प्लेऑफ़ और फाइनल भी हैं। बीसीसीआई टीम इंडिया के इंग्लैंड के दौरे और इंटरनेशनल कैलेंडर को देखते हुए टूर्नामेंट को जल्द खत्म करने पर विचार करेगी। ऐसे में ये भी संभावना है कि जब आईपीएल 2025 फिर से शुरू हो तो कुछ ही शहरों तक इसे सीमित रखा जाए।
बीसीसीआई ने संकेत दिए हैं कि अगर केंद्र सरकार अनुमति देती है, तो मई महीने में आईपीएल के बचे हुए 16 मैचों का आयोजन दक्षिण भारत के तीन शहरों-चेन्नई, हैदराबाद और बेंगलुरु में हो सकता है।