Trending

डोपिंग बैन के बाद सिनर की शानदार वापसी, इटैलियन ओपन के पहले दौर में जीत

तीन महीने का डोपिंग बैन पूरा करके लगभग 100 दिनों के बाद अपना पहला मुकाबला खेल रहे यानिस सिनर ने इटालियन ओपन टेनिस के पहले दौर में मारियानो नवोन को हराकर शानदार वापसी की। उन्होंने घरेलू सरजमीं पर लगभग 10,500 दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में विश्व रैंकिंग में 99वें स्थान पर काबिज नवोन को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से हराया।

साभार : गूगल

सिनर का यह जनवरी में ऑस्ट्रेलियाई ओपन में अपना तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के बाद से पहला मैच था। उन्होंने कहा कि उन्हें खेले में वापसी का बेसब्री से इंतजार था। सिनर ने कहा, ‘‘ अद्भुत एहसास। मैंने इस पल का बहुत लंबे समय से इंतजार किया था।’’ सिनर के खेल को देख कर लगा ही नहीं कि वह तीन महीने से अधिक समय तक कोर्ट से दूर थे।

उन्होंने शुरुआती सेट में अपने शानदार फोरहैंड और लाइन के करीब वाले ग्राउंड स्ट्रोक से नवोन पर दबदबा कायम करते हुए 3-1 की बढ़त बनाई। सिनक की यह लगातार 22वीं जीत है। वह पिछले साल अक्टूबर से अजेय है। सिनर ने फरवरी में विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के साथ एक समझौते में तीन महीने के प्रतिबंध पर सहमति व्यक्त की। वह इससे एक भी ग्रैंड स्लैम खेलने से नहीं चूके और उन्हें अपने घरेलू टूर्नामेंट में वापसी का मौका मिल गया।

कई दिग्गज खिलाड़ियों ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि सिनर के साथ बहुत हल्का व्यवहार किया गया। सिनर के सामने विश्व रैंकिंग में 93 वें स्थान पर काबिज नीदरलैंड के क्वालीफायर जेसपर डे जोंग की चुनौती होगी। जोंग ने 25वीं वरीयता प्राप्त पर काबिज एलेजांद्रो डेविडोविच फोकिना को 6-0, 6-2 से हराया। महिला वर्ग में तीन बार की चैंपियन इगा स्वियातेक को डेनियल कोलिंस ने 6-1, 7-5 से हराकर उलटफेर किया।