Trending

विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा: ‘269 साइनिंग ऑफ’

टेस्ट क्रिकेट से विराट कोहली ने भी रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड दौरे से पहले कप्तान रोहित शर्मा ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा था और अब विराट कोहली ने भी आधिकारिक तौर पर रेड बॉल क्रिकेट से अपने संन्यास की पुष्टि कर दी।

Virat Kohli (@virat.kohli)

बता दें कि विराट और रोहित ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से भी साथ में रिटायरमेंट लिया था। विराट ने अपने इंस्टा पर लिखा है- 269 signing off। 269 उनका टेस्ट कैप का नंबर है। वे इंग्लैंड दौरे पर अब नहीं जाएंगे। अपने रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए विराट ने लिखा, “टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बैगी ब्लू पहने हुए 14 साल हो चुके हैं।

Virat Kohli (@virat.kohli)

ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह प्रारूप मुझे किस सफर पर ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और मुझे ऐसे सबक सिखाए, जिन्हें मैं जीवन भर साथ रखूंगा। सफेद कपड़ों में खेलना एक बहुत ही निजी अनुभव है। शांत परिश्रम, लंबे दिन, छोटे-छोटे पल, जिन्हें कोई नहीं देखता, लेकिन जो हमेशा आपके साथ रहते हैं।”

उन्होंने आगे लिखा, “मैं इस फॉर्मेट से दूर हो रहा हूं, लेकिन यह आसान नहीं है। हालांकि, यह सही लगता है। मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया है, और इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज़्यादा दिया है। मैं दिल से आभार के साथ जा रहा हूं – खेल के लिए, उन लोगों के लिए जिनके साथ मैंने मैदान साझा किया और हर एक व्यक्ति के लिए जिसने मुझे इस दौरान देखा। मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए देखूंगा। #269, साइनिंग ऑफ।”

विराट ने 20 जून 2011 को अपना टेस्ट डेब्यू वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था। वहीं, आखिरी मुकाबला उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में खेला, जो सिडनी में 3 जनवरी 2025 से खेला गया था।

विराट ने 123 टेस्ट मैचों की 210 पारियों में कुल 9230 रन बनाए। इसमें सात दोहरे शतक समेत कुल 30 शतक और 31 अर्धशतक हैं। उनका औसत 46.85 का रहा है, स्ट्राइक रेट 55.58 का था। 13 बार वे इस फॉर्मेट में नाबाद रहे। 1027 चौके और 30 छक्के उन्होंने अपने टेस्ट करियर में जड़े।