सीजफायर के बाद देशभर में खोले गए 32 एयरपोर्ट, यात्री विमानों के लिए खुला एयरस्पेस

India-Pakistan Tension Updates: भारत-पाकिस्तान के बीच भले ही सीजफायर हो गया हो लेकिन ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कहा है कि अगर उधर से गोली चलेगी तो इधर से गोला चलेगा. इस बीच खबर आई है कि बीती रात जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हालात सामान्य रहे और गोलीबारी की कोई सूचना नहीं मिली. रविवार शाम को हुई तीनों सेनाओं की प्रेस ब्रीफिंग में भी कहा गया कि ऑपरेशन सिंदूर जारी है. पहले टारगेट को हासिल कर लिया गया है और आगे की प्लानिंग के बारे में जल्द ही जानकारी दी जाएगी.

इस बीच आज यानी सोमवार दोपहर 12 बजे भारत और पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) की बातचीत होगी. इस बैठक में सिर्फ दोनों देशों के DGMO शामिल होंगे. कोई अन्य देश इस बैठक में शामिल नहीं होगा. उधर राजस्थान के बॉर्डर से सटे इलाकों के अलावा पंजाब, जम्मू-कश्मीर और गुजरात में भी हालात सामान्य होने लगे हैं. बाजार भी खुलने लगे हैं और मानवीय गतिविधियां भी सामान्य हो रही हैं.

आतंकवाद के खिलाफ भारत अपनाएगा जीरो टॉलरेंस की नीति

इस बीच भारतीय वायु सेना ने देशवासियों से अफवाहों से बचने की अपील की है. इसके साथ ही लोगों से कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर 7 मई से शुरु हुआ था और 10 मई तक पाकिस्तान की गोलीबारी और हमले में भारतीय सेना के 7 जवान (5 आर्म्ड फोर्सेस, 2 BSF) शहीद हुए हैं. जबकि 60 जवान घायल हैं और 27 आम लोगों की भी जान गई है. इसके साथ ही पीएम मोदी भी स्पष्ट कर चुके हैं कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलेगा. पीएम मोदी ने कहा कि यह नया भारत है, जो आतंकवाद के खिलाफ सरहद के इस पार और उस पार दोनों तरफ प्रभावी कारवाई करेगा.