साउथ अफ्रीका से टक्कर : ऑस्ट्रेलिया ने WTC फाइनल के लिए मजबूत टीम उतारी
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान हो गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अगले महीने खेले जाने वाले आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल के लिए एक दमदार टीम उतारने का फैसला किया। इसमें कई युवा खिलाड़ी शामिल जरूर हैं, लेकिन ज्यादातर वही खिलाड़ी हैं, जो लंबे समय से ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम का हिस्सा रहे हैं।

इस टीम में उन युवा खिलाड़ियों को भी जगह मिली है, जिन्होंने भारत के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अपना दमखम दिखाया था। 11 जून से लंदन के लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल होना है। ऑस्ट्रेलिया की टीम की निगाहें लगातार दूसरी बार इस आईसीसी ट्रॉफी पर कब्जा करने की होंगी।
अगर ऑस्ट्रेलिया ने इस बार भी ट्रॉफी जीती तो कंगारू टीम पहली टीम बन जाएगी, जिसने दो बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जीता है, क्योंकि 2023 में भी इसी टीम ने भारत को हराकर खिताब जीता था। वहीं, 2021 में इस टूर्नामेंट की चैंपियन न्यूजीलैंड की टीम बनी थी। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के लिए चुनी गई यही टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज भी खेलेगी।
शेफील्ड शील्ड के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच रहे ब्रेंडन डोगेट को 15 खिलाड़ियों की टीम में रिजर्व खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। इस टीम में कोई हैरान करने वाला नाम नहीं है। वही खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया की टीम को भारत के खिलाफ बीजीटी में 3-1 से और श्रीलंका में 2-0 से जीत दिलाई थी।
अच्छी खबर ऑस्ट्रेलिया के लिए ये है कि सर्जरी कराने के बाद फिट हुए कैमरोन ग्रीन की टीम में एंट्री हो गई है, जबकि सैम कोंस्टास को भी मौका मिला है, जिन्होंने भारत के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अपनी छाप छोड़ी थी। भारत के खिलाफ बीजीटी में डेब्यू करने वाले ब्यू बेवस्टर भी टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने भी दमदार डेब्यू भारत के खिलाफ किया था। ब्रेंडन डोगेट इस टीम में तीसरे युवा हैं, लेकिन वे ट्रैवलिंग रिजर्व का हिस्सा हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 फाइनल (ऑस्ट्रेलिया टीम) : पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरोन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, सैम कोंस्टास, मैट कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क और ब्यू वेबस्टर। ट्रैवलिंग रिजर्व: ब्रेंडन डॉगेट