ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए पाकिस्तान के इतने सैनिक, PAK ने कुबूली एयर स्ट्राइक में नुकसान की बात

Operation Sindoor: पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया. जिसके तहत 6-7 मई की रात भारत ने पाकिस्तान और पीओके में एयर स्ट्राइक की. जिसमें आतंकियों के 9 ठिकानों को भारत ने तबाह कर दिया. इस सैन्य कार्रवाई में 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे. अब पाकिस्तान ने ये भी कबूल किया है कि भारत की एयर स्ट्राइक में उसे कितना नुकसान हुआ और उसके कितने सैनिक मारे गए हैं.

एयर स्ट्राइक में मारे गए पाकिस्तान के 11 सैनिक

दरअसल, पाकिस्तान ने एयर स्ट्राइक के एक सप्ताह बाद ये कुबूल किया है कि भारत की जवाबी कार्रवाई में उसके 11 सैनिक मारे गए हैं. जबकि 78 जवान घायल भी हुए हैं. पाक मीडिया के विंग ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि गोलीबारी में उसके 40 नागरिकों की मौत हुई है. यही नहीं पाकिस्तान ने स्वीकार किया है कि भारतीय मिसाइल हमलों में पाकिस्तानी एयरफोर्स को भी भारी नुकसान हुआ है.

भारतीय सेना ने 40 जवानों के मारे जाने की कही थी बात

हालांकि इससे पहले भारतीय सेना ने अपनी जवाबी कार्रवाई के बाद दी जानकारी में कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान की गई एयर स्ट्राइक में 100 आतंकवादी मारे गए गए हैं. जबकि पाकिस्तान की ओर से किए गए हमलों के जवाब में पाकिस्तानी सेना के 40 जवान और अधिकारियों की मौत हुई है.

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, मंगलवार को पाकिस्तानी सेना ने भारत के साथ हुए सैन्य टकराव के दौरान जवानों और आम नागरिकों के मारे जाने का आधिकारिक ब्यौरा जारी किया है. इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के मुताबिक, 6-7 मई को भारतीय कार्रवाई के जवाब में ‘ऑपरेशन बुनयान-उन-मार्सस’ के दौरान देश की रक्षा करते हुए 11 सैनिक मारे गए हैं जबकि 78 कर्मी घायल हुए हैं.

पाकिस्तान एयरफोर्स को भी हुआ नुकसान

पाकिस्तान सशस्त्र बलों की मीडिया और जनसंपर्क शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के मुताबिक, भारतीय हमलों में मरने वाले छह सैन्यकर्मियों में नायक अब्दुल रहमान, नायक वकार खालिद, लांस नायक दिलावर खान, इकरामुल्लाह, सिपाही अदील अकबर और सिपाही निसार का नाम शामिल हैं. यही नहीं ISPR ने ये भी स्वीकार किया है कि भारतीय हमलों में पाकिस्तानी वायु सेना को भी भारी नुकसान हुआ है. जिसमें वायु सेना के पांच अधिकारी मारे गए हैं.

इनमें स्क्वाड्रन लीडर उस्मान यूसुफ, मुख्य तकनीशियन औरंगजेब, वरिष्ठ तकनीशियन नजीब, वरिष्ठ तकनीशियन मुबाशिर और कॉर्पोरल तकनीशियन फारूक का नाम शामिल है. पाकिस्तानी सेना के मुताबिक, इस सैन्य कार्रवाई में कई नागरिक भी घायल हुए हैं. आईएसपीआर के बयान में कहा गया है कि मरने वालों में सात महिलाओं और 15 बच्चों समेत 40 लोग शामिल हैं. जबकि 121 लोग घायल हुए हैं. घायलों में 27 बच्चे और 10 महिलाएं शामिल हैं.