एंसेलोटी संभालेंगे ब्राज़ील की कमान : विश्व कप जीतने का नया मिशन
इटली के दिग्गज फुटबॉल मैनेजर कार्लो एंसेलोटी अब ब्राज़ील पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की कमान संभालेंगे। ब्राज़ील फुटबॉल संघ ने सोमवार को यह ऐलान किया। एंसेलोटी इस सीजन के अंत में रियल मैड्रिड छोड़ देंगे और जून से ब्राज़ील के कोच के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

सीबीएफ के अध्यक्ष एडनाल्डो रोड्रिग्स ने एक बयान में कहा, कार्लो एंसेलोटी को ब्राज़ील लाना सिर्फ एक रणनीतिक कदम नहीं है, बल्कि यह दुनिया को यह दिखाने का ऐलान है कि हम फिर से शीर्ष पर लौटने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, वह इतिहास के सबसे महान कोच हैं और अब वह दुनिया की सबसे महान राष्ट्रीय टीम का नेतृत्व करेंगे। हम साथ मिलकर ब्राज़ीलियाई फुटबॉल का एक और स्वर्णिम अध्याय लिखेंगे।
एंसेलोटी रियल मैड्रिड के सबसे सफल मैनेजर रहे हैं। उनके नेतृत्व में क्लब ने अब तक 15 खिताब जीते, लेकिन 2024-25 का सीजन वह बिना किसी ट्रॉफी के समाप्त करेंगे।
एंसेलोटी ब्राज़ील के पहले विदेशी कोच बनेंगे। वह डोरिवाल जूनियर की जगह लेंगे, जिन्हें अर्जेंटीना से 4-1 की हार के बाद मार्च में बर्खास्त किया गया था। एंसेलोटी की पहली चुनौती अगले महीने वर्ल्ड कप क्वालीफायर में इक्वाडोर और पराग्वे के खिलाफ मुकाबले होंगे।
ब्राज़ील 14 मैचों के बाद वर्ल्ड कप क्वालीफाइंग में चौथे स्थान पर है। टीम के स्टार खिलाड़ी नेमार अभी तक 2023 में एसीएल चोट के बाद से फॉर्म में वापसी नहीं कर पाए हैं। हालांकि, दक्षिण अमेरिका से शीर्ष छह टीमें सीधे 2026 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करेंगी। एंसेलोटी की नियुक्ति से ब्राज़ील को एक बार फिर विश्व फुटबॉल में अपना दबदबा स्थापित करने की उम्मीद है।