सिंधु जल संधि को सस्पेंड रखा गया है, पाकिस्तान को अच्छी तरह से बता दिया गया था: MEA

Breaking News Today: नमस्कार, न्यूज नेशन के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आपका स्वागत है. भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर जारी है. शनिवार को डीजीएमओ की बातचीत के बाद दोनों देशों ने सीजफायर का एलान किया था. उसके बाद से बॉर्डर इलाकों में शांति बनी हुई हैं. इस बीच सोमवार को एक बार फिर से भारत-पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) के बीच बातचीत हुई. इस दौरान दोनों पक्षों में इस बात को लेकर आपसी सहमति बन गई कि एक भी गोली नहीं चलाई जाएगी. और ना ही एक-दूसरे के खिलाफ कोई आक्रामक या शत्रुतापूर्ण कार्रवाई की जाएगी.

हालांकि, सोमवार शाम जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में ड्रोन गतिविधि की बात भी सामने आई. बताया गया कि जम्मू, सांबा, अखनूर, कठुआ, पंजाब, पठानकोट में ड्रोन एक्टिविटीज देखी गई. सांबा और पाठनकोट में दिखे ड्रोन को भारतीय एयर डिफेंस ने नष्ट कर दिया. वहीं पंजाब के होशियारपुर में भी धमाके सुने जाने की खबर सामने आई. हालांकि सोमवार देर रात भारतीय सेना ने पुष्टि की कि फिलहाल किसी भी ड्रोन की कोई गतिविधि नहीं देखी गई है और सीजफायर की स्थिति बनी हुई है.

पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित किया. जिसमें पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान की गुहार के बाद भारत ने सीजफायर पर सहमति जताई है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ मिलिट्री एक्शन को केवल स्थगित किया है. पाकिस्तान का रवैया देखकर आगे का एक्शन भी लिया जाएगा. पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि पहलगाम में निर्दोष मासूमों को उनके परिवार के सामने, बच्चों के सामने बेरहमी से मार डालना आतंक का वीभत्स चेहरा था.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर आतंकवादी और आतंकी संगठन ये जान चुके हैं कि हमारी बहनों बेटियों के माथे से सिंदूर हटाने का अंजाम क्या होता है. पीएम मोदी ने साफ किया कि युद्ध के मैदान पर हमने हर बार पाकिस्तान को धूल चटाई है और अब कोई भी न्यूक्लियर ब्लैकमेल भारत बर्दाश्त नहीं करेगा.