चीन ने फिर की अरुणाचल प्रदेश के कई स्थानों के नाम बदलने की गुस्ताखी, भारत ने दिखाया आईना, कही ये बात

India-China Relation: भारत और चीन के बीच अक्सर पूर्वोत्तर के राज्य अरुणाचल प्रदेश को लेकर टकराव की स्थिति पैदा हो जाती है. इस बीच चीन ने एक बार फिर से इसे लेकर गुस्ताखी करने की कोशिश की है. दरअसल, चीन ने अरुणाचल प्रदेश के कई स्थानों का नाम बदल दिया है. जिसे लेकर भारत ने ड्रैगन को मुंहतोड़ जवाब दिया है. भारत ने चीन की इन कोशिशों को सिरे से नकारते हुए कहा कि ऐसी हरकतों से सच्चाई नहीं बदल जाएगी.
भारत का चीन को सख्त संदेश
अरुणाचल प्रदेश के कई स्थानों के नाम बदलने के बाद भारत ने चीन को सख्त संदेश देते हुए कहा है कि, “इससे सच्चाई बदलने वाली नहीं है. अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग था, है और रहेगा.” भारत ने अरुणाचल प्रदेश के कुछ स्थानों के लिए चीन द्वारा उसके नामों की घोषणा किए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ये टिप्पणी की. बता दें कि चीन अक्सर अरुणाचल प्रदेश को लेकर इसी तरह की हरकतें करता रहता है. चीन लगातार ये दावा करता रहता है कि अरुणाचल प्रदेश तिब्बत का दक्षिणी भाग है.