टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद, फडणवीस ने रोहित शर्मा को सराहा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में अपने आधिकारिक आवास वर्षा में रोहित शर्मा से मुलाकात की और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारतीय टीम के इस दिग्गज बल्लेबाज को शुभकामनाएं दी।

रोहित के 14 साल के करियर को फडणवीस ने सराहा। इस बैठक में राज्य सरकार ने खेल के प्रति रोहित के समर्पण और उनके योगदान की सराहना की। फडणवीस ने रोहित के साथ अपनी मुलाकात की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर कीं। रोहित ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान किया था।
रोहित ने पिछले साल टी20 विश्व कप में खिताबी जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से भी संन्यास ले लिया था और वह अब बस वनडे क्रिकेट में ही भारत के लिए खेलते नजर आएंगे। रोहित ने सात मई को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिये टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने की जानकारी दी थी। रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ अगले महीने शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले यह फैसला लिया था।
फडणवीस ने रोहित के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा कर लिखा, भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा का मेरे आधिकारिक निवास वर्षा में स्वागत। उनसे मिलकर और बातचीत कर बहुत अच्छा लगा। मैंने उन्हें टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने और अपने सफर के अगले अध्याय में निरंतर सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
रोहित टेस्ट प्रारूप में भारत के सबसे सफल बल्लेबाज में एक हैं, जिन्होंने 67 टेस्ट मुकाबलों में 12 शतकों और 18 अर्धशतकों की मदद से 40.57 के औसत से 4301 रन बनाए। उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर अपनी टेस्ट कैप की तस्वीर साझा की थी और कैप्शन में लिखा था, मैं आप सभी साथियों को बताना चाहता हूं कि मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं।
इस प्रारूप में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं वनडे में भारत के लिए खेलना जारी रखूंगा। रोहित 2024-25 सीजन के दौरान खराब दौर से गुजरे। उन्होंने 15 मैचों में 10.83 के औसत से 164 रन बनाए। रोहित बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान खराब फॉर्म में थे।
इसके बाद वह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले मैच में अपने बेटे के जन्म के कारण नहीं खेले थे। एडिलेड में हुए दूसरे टेस्ट के दौरान जब रोहित वापस आए तो उन्होंने ओपनिंग नहीं की और यशस्वी जायसवाल तथा केएल राहुल को पारी का आगाज करने भेजा। रोहित की अनुपस्थिति में पहले टेस्ट में यशस्वी और राहुल की जोड़ी ने 201 रनों की साझेदारी की थी।