एशिया कप हॉकी : पाकिस्तान के खेलने पर अनिश्चितता, सरकार के रुख का इंतजार
हॉकी इंडिया सरकार के परामर्श का इंतजार कर रहा है, पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत-पाक तनाव के बीच इस साल हीरो एशिया कप हॉकी में पाकिस्तान का खेलना मुश्किल लग रहा है। एशिया कप बिहार के राजगीर में 27 अगस्त से सात सितंबर के बीच होगा।

मेजबान भारत, पाकिस्तान, जापान, कोरिया, चीन, मलेशिया, ओमान और चीनी ताइपै को इसमें खेलेंगे। यह अगले साल नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले विश्व कप का क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी है। महासचिव भोलानाथ सिंह ने एक समाचार एजेंसी से कहा ,‘‘ अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगा लेकिन हम सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करेंगे जैसा पहले भी होता आया है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ अभी कुछ कहा नहीं जा सकता।
पहलगाम में क्रूर आतंकवादी हमले और आपरेशन सिंदूर के बाद अभी कुछ कहना मुश्किल है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ अभी टूर्नामेंट में तीन महीने का समय है लेकिन हम सरकार की सलाह का पालन करेंगे। इसमें कोई दोराय नहीं है।’’ पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले में 26 भारतीयों की मौत हो गई थी जिसमें अधिकांश पर्यटक थे।
इसके बाद से भारत सरकार ने सभी पाकिस्तानियों को देश छोड़कर जाने के आदेश दिये। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले जम्मू कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर आपरेशन सिंदूर से मिसाइल हमले किये। पाकिस्तान ने जवाब में ड्रोन और मिसाइल हमले किये जिन्हें भारत की शानदार वायु रक्षा प्रणाली ने नाकाम कर दिया। भारत ने पाकिस्तान के कई प्रमुख शहरों में सैन्य ठिकानों और वायु रक्षा प्रणाली को नेस्तनाबूद कर दिया।
दोनों देश दस मई को युद्धविराम पर सहमत हुए, जब पाकिस्तान के सैन्य अभियान के महानिदेशक ने भारत के डीजीएमओ से संपर्क किया। महासंघ के एक सूत्र ने कहा ,‘‘ अगर सरकार मंजूरी नहीं देती है तो पाकिस्तानी टीम यहां नहीं आयेगी। यह सब सरकार के उस समय के रूख पर निर्भर करता है।’’
पाकिस्तान को भारत आने की मंजूरी नहीं मिलती है तो टूर्नामेंट सात टीमों के साथ होगा या एक नयी टीम को बुलाया जायेगा। यह फैसला एशियाई हॉकी महासंघ लेगा। एक अधिकारी ने बताया ,‘‘ अभी यह कहना मुश्किल है कि नयी टीम कौन सी होगी या यह सात टीमों के साथ ही होगा। एशियाई हॉकी महासंघ इस पर फैसला लेगा।’’
पाकिस्तान हॉकी टीम ने पिछली बार लखनऊ में 2016 जूनियर विश्व कप नहीं खेला था जो पठानकोट आतंकवादी हमले के कुछ महीने बाद ही हुआ था। उसकी जगह मलेशिया को शामिल किया गया था। मौजूदा हालात में पाकिस्तान का 28 नवंबर से दस दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में खेले जाने वाले जूनियर विश्व कप में खेलना भी मुश्किल है। एशिया कप अगले साल नीदरलैंड और बेल्जियम में 14 से 30 अगस्त तक होने वाले विश्व कप का क्वालीफायर टूर्नामेंट भी है।