जीटी और आरसीबी की बढ़ी उम्मीदें, वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने आईपीएल को लेकर किया अहम फैसला
आईपीएल 2025 को लेकर वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला किया है। टूर्नामेंट की डेट्स के बीच में वेस्टइंडीज की टीम को दो वनडे सीरीज खेलनी हैं, लेकिन क्रिकेट वेस्टइंडीज ने फैसला किया है कि उनके खिलाड़ी आईपीएल 2025 के बाकी बचे सत्र में खेल सकते हैं।

वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड का ये फैसला गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए राहत भरा है, क्योंकि इनके विदेशी खिलाड़ी नेशनल ड्यूटी के कारण आईपीएल 2025 के बाकी बचे सीजन से हटने वाले हैं। जीटी और आरसीबी के प्लेऑफ्स में पहुंचने की संभावना काफी अधिक है और उन्हें शेरफन रदरफोर्ड और रोमारियो शेफर्ड जैसे प्लेयर्स की जरूरत होगी, जिन्होंने अपनी-अपनी टीमों के लिए कुछ प्रभावशाली पारियां खेली हैं।
जीटी और आरसीबी दोनों को लीग चरण के बाद अपने कुछ विदेशी खिलाड़ियों की कमी खलेगी। टूर्नामेंट के बाकी बचे मैच 17 मई से शुरू हो रहे हैं। एक सप्ताह के लिए बीसीसीआई ने इस लीग को स्थगित किया था। ऐसे में 25 मई को जो फाइनल खेला जाना था, अब 3 जून को होगा।
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने बयान में कहा, “21 मई से 3 जून तक आयरलैंड और इंग्लैंड के आगामी वनडे दौरे के बारे में, क्रिकेट वेस्टइंडीज इसे एक असाधारण और अप्रत्याशित स्थिति के रूप में स्वीकार करता है। हालांकि, हम अपनी प्रतिभा की गहराई और गुणवत्ता पर आश्वस्त हैं और वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक मजबूत, प्रतिस्पर्धी टीम को मैदान में उतारने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
शेरफन रदरफोर्ड और रोमारियो शेफर्ड ही नहीं, आंद्रे रसेल (केकेआर), सुनील नरेन (केकेआर) और रोवमैन पॉवेल (केकेआर), निकोलस पूरन (एलएसजी), शमर जोसेफ (एलएसजी) और शिमरोन हेटमायर (आरआर) भी आईपीएल का हिस्सा हैं। इन 8 खिलाड़ियों में से सिर्फ 3 खिलाड़ियों को आगामी वनडे सीरीजों के लिए चुना गया था। इनमें रदरफोर्ड, शेफर्ड और जोसेफ का नाम है।
सीडब्ल्यूआई ने बताया है कि शमर जोसेफ आईपीएल के बाकी बचे मैचों के लिए वापस इंडिया नहीं जाएंगे। वहीं, शेरफन रदरफोर्ड की जगह जॉन कैंपबेल आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेंगे। शिमरोन हेटमायर आयरलैंड लेग के लिए उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन वे इंग्लैंड के मैचों के लिए उपलब्ध होंगे, क्योंकि उनकी टीम प्लेऑफ्स में नहीं खेलेगी। जेदीह ब्लैड्स रोमारियो शेफर्ड की जगह खेलेंगे।