प्लेऑफ की दौड़ में दिल्ली को झटका, स्टार्क की गैरमौजूदगी से बढ़ी मुश्किलें
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने आईपीएल के बाकी बचे मैचों के लिए कथित तौर पर भारत लौटने का फैसला नहीं किया है, जिससे दिल्ली कैपिटल्स के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को झटका लगा है। रिपोर्ट के अनुसार, स्टार्क ने फ्रेंचाइजी को बताया है कि वह अब आगे इस टूर्नामेंट के लिए टीम में शामिल नहीं हो सकेंगे।

पंजाब-दिल्ली मैच को आस-पास के इलाकों में हवाई हमले की चेतावनी के बाद रद्द किया गया था। भारत- पाक सैन्य टकराव के चलते अगले दिन लीग को निलंबित किया गया था। बीसीसीआई ने संघर्ष विराम के बाद सरकार से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद 17 मई से इसे फिर से शुरू करने का ऐलान किया। इसका फाइनल पहले से तय 25 मई की जगह तीन जून को होगा।
दिल्ली कैपिटल्स के अहम खिलाड़ी स्टार्क इस सत्र में टीम के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 11 मैचों में 26.14 की औसत से 14 विकेट लिए हैं। प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए संघर्ष कर रही दिल्ली को आगामी मैचों में निश्चित तौर पर उनकी कमी महसूस होगी।
ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की कप्तान और स्टार्क की पत्नी एलिसा हीली ने उस रात का घटनाक्रम साझा किया है जब पड़ोसी शहरों में हवाई हमले के सायरन बजने के कारण धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल मैच बीच में ही रद्द कर दिया गया।
एलिसा ने एक पॉडकास्ट के दौरान कहा, ‘‘बिजली के कुछ टावर की बत्ती गुल हो गई और हम बस वहीं इंतजार कर रहे थे। मैंने कुछ सीट दूर अफवाह सुनी कि हमें स्टेडियम खाली करना पड़ सकता है, क्योंकि बिजली गुल हो गई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे साथ परिवार और अतिरिक्त सहयोगी स्टाफ का एक बड़ा समूह था।
अगले ही मिनट वह आदमी जो हमारे समूह के साथ था और हमारे साथ बस में रहता था, वह आता है और उसका चेहरा सफेद पड़ गया था। उसने कहा कि हमें अभी जाना चाहिए। और हम कह रहे थे, ‘ओह, यह ठीक है।’ जैसे कि हम बाकी सभी को स्टेडियम से पहले बाहर जाने देना और वहां रुके रहना बेहतर समझते हैं। हम शायद यहां सुरक्षित हैं, क्योंकि हर जगह लोग सीढ़ियों से नीचे उतर रहे होंगे।’’
इसके बाद चीजें तेजी से बदल गईं और उन्हें जहां ले जाया गया वहां पंजाब और दिल्ली के खिलाड़ी पहले से थे। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, ‘‘फिर एक और आदमी बाहर आया, उसका चेहरा सफेद पड़ चुका था, उसने कहा ‘हमें अभी निकलना होगा’।’’
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस लीग में वापस आएंगे या नहीं इस बात की पुष्टि अभी नहीं हुई है। ट्रिस्टन स्टब्स ने कहा है कि वह टीम में सिर्फ लीग चरण के मैचों के लिए शामिल होंगे। वह इसके बाद विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए निकालेंगे।
दिल्ली कैपिटल्स ने भारत नहीं लौटने का फैसला करने वाले जेक फ्रेजर-मैकगर्क की जगह मुस्तफिजुर रहमान करार किया है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की भागीदारी पर संदेह बना हुआ है, क्योंकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि उनसे इस क्रिकेटर के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए संपर्क नहीं किया गया है।