प्रो कबड्डी लीग ने सीज़न 12 की नीलामी से पहले जारी की खिलाड़ियों की रिटेंशन लिस्ट
मुंबई : प्रो कबड्डी लीग (PKL) ने शनिवार को सीज़न 12 के लिए ‘एलीट रिटेन्ड प्लेयर्स’, ‘रिटेन्ड यंग प्लेयर्स’ और ‘न्यू यंग प्लेयर्स’ की सूची जारी की। सीज़न 12 की नीलामी 31 मई और 1 जून को मुंबई में आयोजित की जाएगी।

अधिकांश फ्रेंचाइज़ियों ने अपने मुख्य खिलाड़ियों को रिटेन किया है और अब वे आगामी सीज़न के लिए और भी मज़बूत टीम बनाने की तैयारी में हैं। प्रमुख रिटेन्ड खिलाड़ियों में शामिल हैं — यू मुंबा के सुनील कुमार और आमिर मोहम्मद ज़फरदानेश, हरियाणा स्टीलर्स के जयदीप डहिया, यूपी योद्धा के सुरेंदर गिल, और पुनेरी पलटन के असलम इनामदार व मोहित गोयत।
इस बार कुल 83 खिलाड़ियों को तीन श्रेणियों में रिटेन किया गया है:
• 25 खिलाड़ी ‘एलीट रिटेन्ड प्लेयर्स (ERP)’ श्रेणी में
• 23 खिलाड़ी ‘रिटेन्ड यंग प्लेयर्स (RYP)’ श्रेणी में
• 35 खिलाड़ी ‘न्यू यंग प्लेयर्स (NYP)’ श्रेणी में
नीलामी में 500 से अधिक खिलाड़ी उतरेंगे, जिनमें भारत के नामी खिलाड़ी — पवन सहरावत, अर्जुन देशवाल, आशु मलिक और PKL 11 के टॉप रेडर देवांक दलाल शामिल हैं। इसके अलावा, ईरान के दिग्गज फज़ल अत्राचली और मोहम्मदरेजा शदलूई, साथ ही मनींदर सिंह और प्रदीप नरवाल जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी नीलामी में शामिल होंगे।

एक रोचक तथ्य यह है कि नवीन कुमार पहली बार नीलामी में उतरेंगे। उन्होंने दबंग दिल्ली केसी के लिए 6 सीज़न में 1102 रेड पॉइंट्स बनाए हैं और 1000+ पॉइंट्स के साथ नीलामी में उतरने वाले पहले खिलाड़ी बनेंगे।
नीलामी के लिए खिलाड़ियों को चार श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा और उनका एक बेस प्राइस (आधार मूल्य) भी होगा कैटेगरी ए का बेस प्राइस ₹30 लाख है। इसी तरह कैटेगरी बी के लिए ₹20 लाख बेस प्राइस रखा गया है। कैटेगरी सी के खिलाड़ी कम से कम ₹13 लाख में बिकेंगे जबकि कैटेगरी के लिए न्यूनतम मूल्य ₹9 लाख है। हर श्रेणी के अंतर्गत खिलाड़ियों को उनके रोल के अनुसार वर्गीकृत किया जाएगा: ये रोल रेडर,डिफेंडर और ऑल-राउंडर हैं।
हर फ्रेंचाइज़ी के पास ₹5 करोड़ का कुल सैलरी पर्स होगा। अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) के संरक्षण और मंजूरी के अंतर्गत, मशाल स्पोर्ट्स और जियोस्टार ने मिलकर प्रो कबड्डी लीग को भारत की सबसे सफल खेल लीगों में से एक के रूप में स्थापित किया है। यह लीग भारत में किसी भी खेल लीग की तुलना में सबसे ज़्यादा मैचों का आयोजन करती है।
प्रो कबड्डी लीग ने भारत के स्वदेशी खेल कबड्डी और इसके खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया है। नीलामी की लाइव कार्रवाई देखने के लिए, www.prokabaddi.com पर जाएं और ऑफिशियल प्रो कबड्डी ऐप डाउनलोड करें। इसके अलावा @prokabaddi को इंस्टाग्राम, यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें। वेबसाइट और ऐप के ज़रिए प्रशंसक नीलामी की संपूर्ण कवरेज देख सकते हैं और प्रो कबड्डी लीग की ताज़ा जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।