Trending

बारिश ने धोया आरसीबी-केकेआर मैच, प्लेऑफ की ओर आरसीबी, केकेआर बाहर

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच शनिवार को यहां आईपीएल मैच लगातार बारिश के चलते रद्द हो गया जिससे दोनों टीमों को एक एक अंक मिले। आरसीबी इस तरह आईपीएल प्लेऑफ के एक कदम और करीब आ गई है जबकि केकेआर दौड़ से बाहर हो गई है।

@IPL

शाम छह बजे के आसपास शुरू हुई बारिश बंद नहीं हुई जिससे टॉस भी नहीं हो सका और अधिकारियों ने रात 10.24 बजे खेल रद्द करने का फैसला किया। आरसीबी के अब 17 अंक हैं और बचे हुए दो मैच में से एक में जीत उनके लिए प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए काफी होगी। आरसीबी गुजरात टाइटन्स (16 अंक) से आगे तालिका में शीर्ष पर हैं।

आरसीबी 23 मई को अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी जिसके बाद 27 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच होगा। नाइट राइडर्स का खराब प्रदर्शन इस आईपीएल सत्र में बारिश के साथ ही खत्म हो गया। केकेआर के 12 अंक हैं और अगर वह हैदराबाद के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच जीतकर 15 अंक भी कर लेते हैं तो भी उनके लिए नॉकआउट में प्रवेश करना असंभव है।