Trending

आईपीएल 2025 : स्लो ओवर रेट पर आरसीबी और हैदराबाद के कप्तानों पर लगा भारी जुर्माना

आईपीएल 2025 का 65वां मैच शुक्रवार, 23 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया था। इस मैच में हैदराबाद ने 42 रनों से जीत दर्ज कर आरसीबी का टॉप-2 का खेल बिगाड़ा। हालांकि मैच के बाद बीसीसीआई ने दोनों टीमों के कप्तानों को सजा सुनाई।

साभार : गूगल

इस मैच में आरसीबी की कप्तानी जितेश शर्मा कर रहे थे, मगर बीसीसीआई ने आरसीबी की गलती की वजह से नियमित कप्तान रजत पाटीदार पर 24 लाख और पैट कमिंस पर 12 लाख रुपए का जुर्माना ठोका है। पाटीदार और कमिंस को यह सजा आरसीबी बनाम हैदराबाद मैच के दौरान स्लो ओवर रेट के चलते सुनाई गई है।

आरसीबी की यह इस सीजन की दूसरी गलती थी, जिस वजह से बीसीसीआई ने रजत पाटीदार समेत पूरी टीम को लपेटा है। आईपीएल प्रेस रिलीज के अनुसार,रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नामित कप्तान रजत पाटीदार पर उनकी टीम द्वारा लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के मैच नंबर 65 के दौरान स्लो ओवर रेट बनाए रखने के लिए जुर्माना लगाया गया है।

चूंकि यह न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित आईपीएल की आचार संहिता के तहत सीजन की उनकी टीम का दूसरा अपराध था, पाटीदार पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इम्पैक्ट प्लेयर सहित प्लेइंग इलेवन के बाकी सदस्यों पर व्यक्तिगत रूप से या तो 6 लाख रुपये या उनके संबंधित मैच फीस का 25 प्रतिशत, जो भी कम हो, का जुर्माना लगाया गया है।

वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पर उनकी टीम द्वारा धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण भी जुर्माना लगाया गया है। चूंकि यह आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत उनकी टीम का सीजन का पहला अपराध था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, कमिंस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन के नाबाद 94 रनों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 232 रनों का टारगेट दिया था।

इस स्कोर का पीछा करने उतरी आरसीबी का स्कोर एक समय पर 15.3 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 173 रन था, मगर फिर टीम अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। आरसीबी ने अगले 16 रनों के अंदर 7 विकेट गंवाए और पूरी टीम 189 पर सिमट गई। हैदराबाद ने यह मैच 42 रनों के अंतर से जीता।