Trending

8 साल बाद टेस्ट टीम में नायर की वापसी, पंजाब किंग्स के खिलाफ खेली मैच जिताऊ पारी

पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2025 के आखिरी मैच में 6 विकेट से मिली जीत में अहम भूमिका निभाने वाले दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज करूण नायर ने इंग्लैंड दौरे के लिये भारतीय टेस्ट टीम में वापसी पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उन्हें इसका लंबे समय से इंतजार था। आठ साल बाद टेस्ट टीम में लौटे नायर ने 27 गेंद में 44 रन बनाये।

साभार : गूगल

दिल्ली ने जीत के लिये 207 रन का लक्ष्य 19.3 ओवर में हासिल कर लिया। नायर ने मैच के बाद कहा, ‘‘शानदार लग रहा है और हम इसके हकदार थे। हम इस सत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके लेकिन इस मैच में हमने दिखा दिया कि हमारी टीम अच्छी थी लेकिन कुछ मैच खराब गए।’’

अपने प्रदर्शन के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘मैं काफी रन बनाकर आईपीएल में आया था। आत्मविश्वास की कमी नहीं थी। पारी में बहुत जल्दी बड़े शॉट खेल रहा था जिस पर कोचों ने अपना समय लेकर फिर आक्रामक खेलने की सलाह दी।’’

टेस्ट टीम में चयन के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘बहुत शुक्रगुजार हूं कि वापसी कर सका। खुशकिस्मत हूं कि यह मौका मिला। मुझे भी आप लोगों की ही तरह पता चला। मैं लंबे समय से इसका इंतजार कर रहा था। बहुत सारे बधाई के संदेश मिले हैं।’’