Trending

आरसीबी के लिए खुशखबरी: हेजलवुड की वापसी, कंधों की चोट से उबरे

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबलों से पहले रविवार को अपनी फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से जुड़ गये। आरसीबी को प्लेऑफ से पहले लीग चरण में मंगलवार को यहां अपना आखिरी मुकाबला खेलना है। हेजलवुड की वापसी से टीम का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत होगा।

Image Credit: X/ Royal Challengers Bengaluru

भारत-पाक के सैन्य संघर्ष के कारण आईपीएल के एक सप्ताह तक निलंबित होने के बाद हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया लौट गये थे। वह इस दौरान वह कंधे की मामूली चोट से भी जूझ रहे थे। जिससे अब पूरी तरह से उबर चुके हैं। हेजलवुड ने आरसीबी की ओर से जारी वीडियो में कहा, ‘‘ यह निश्चित रूप से शानदार है कि मैं वापस आ गया हूं।

घर पर कुछ सप्ताह बिताना अच्छा रहा। मैंने ब्रिस्बेन में गेंदबाजी का काफी अभ्यास किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ सब कुछ अच्छा है। उम्मीद है कि फिर से गेंदबाजी शुरू कर पाउंगा। कल अभ्यास सत्र के दौरान मैदान पर उतरने का इंतजार है।’’

इस अनुभवी गेंदबाज ब्रिस्बेन में अभ्यास कर रहा था जो अगले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया की तैयारी का हिस्सा है। उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम द्वारा निगरानी में रखा गया था।

आरसीबी ने भी हेजलवुड की प्रगति पर नजर रखा हुआ था। वह इस सत्र में 10 मैचों में 18 विकेट के साथ टीम के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं। आरसीबी पहले ही प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली है। सनराइजर्स हैदराबाद से पिछले मैच में 42 रन से मिली हार के बाद टीम को शीर्ष दो में जगह बनाने के लिए अन्य मैचों के परिणामों के साथ मंगलवार को लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी।