कनिका के दोहरे गोल से भारत ने उरुग्वे को 3-2 से हराया
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चार देशों के टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच में कनिका सिवाच के दो गोल से उरुग्वे को 3-2 से हराया। मुकाबले में कनिका (46वां और 50वां मिनट) के अलावा सोनम (21वां) ने गोल किए।

उरुग्वे के लिए मिलाग्रोस सेगल (तीसरा) और अगस्टिना मैरी (24वां) ने गोल किए। उरुग्वे को तीसरे मिनट में सेगल के पेनल्टी कॉर्नर से बढ़त मिली। सोनम ने दूसरे क्वार्टर में 21वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को बराबरी दिलाई। इसके तीन मिनट के बाद ही मैरी ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर उरुग्वे को फिर से बढ़त दिलाई।
भारत ने अंतिम क्वार्टर में चार मिनट के अंदर कनिका के दो गोल से वापसी की। कनिका ने पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला और फिर मैदानी गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जो आखिर तक कायम रही। भारत का अगला मुकाबला मंगलवार को मेजबान अर्जेंटीना से होगा।