Trending

भारत-इंग्लैंड सीरीज : जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग, सोनी पर टीवी प्रसारण

अगले महीने से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर सामने आई है। जियोहॉटस्टार ने इंग्लैंड के खिलाफ भारत की आगामी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए डिजिटल स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल कर लिए हैं।

साभार : गूगल

20 जून को लीड्स के हेडिंग्ले में शुरू होने वाली सीरीज को अब जियोहॉटस्टार पर लाइव देख सकेंगे। वहीं सोनी के पास टेलीविजन प्रसारण अधिकार रहेंगे और वह अपने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर सीरीज का प्रसारण करेगा। इस दौरे में भारतीय टीम इंग्लैंड के साथ पांच टेस्ट मैच खेलेगी।

पहला टेस्ट 20 जून को, दूसरा टेस्ट दो जुलाई को, तीसरा टेस्ट 10 जुलाई को, चौथा टेस्ट 23 जुलाई को और पांचवां टेस्ट 31 जुलाई को खेला जाएगा। जियोहॉटस्टार पर टेस्ट, वनडे और टी20 मैच देख सकेंगे।

सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने 2031 तक चलने वाले आठ साल के सौदे के तहत 2023 में इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की संपत्तियों के लिए विशेष भारत अधिकार हासिल किए। गिल को शनिवार को भारत का नया टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया। इस 25 साल के खिलाड़ी के सामने पहली चुनौती इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज होगी।

इस दौरे पर टीम को कोहली और रोहित जैसे दिग्गजों का साथ नहीं मिलेगा। गिल भारत के पांचवें सबसे युवा टेस्ट कप्तान होंगे। मंसूर अली खान पटौदी (21), सचिन तेंदुलकर (23), कपिल देव (24) और रवि शास्त्री (25) ने उन से कम उम्र में देश की टेस्ट टीम का नेतृत्व किया है।