Trending

पंत का महाशतक, लखनऊ का रिकॉर्ड स्कोर: आरसीबी के खिलाफ 227 रन

ऋषभ पंत (118 नाबाद) के शतक और मिचेल मार्श (67) के साथ 152 रनों की बेहतरीन साझीदारी की मदद से लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल के अपने अंतिम मुकाबले में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ तीन विकेट पर 227 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर लिया।

AFP/Getty Images

इंग्लैंड दौरे से पहले पंत का फार्म में लौटना भारतीय खेमे के लिये सुखद अहसास लेकर आया है। आईपीएल के मौजूदा सत्र के सबसे मंहगे खिलाड़ी ऋषभ का बल्ला एक मैच को छोड़कर अब तक पूरे टूर्नामेंट में शांत रहा था मगर मैथ्यू ब्रीत्ज़के (14) के जल्द आउट होने के बाद क्रीज पर आये पंत के तेवर आज आक्रामक थे।

उन्होने इकाना स्टेडियम के अपने घरेलू मैदान पर आते ही मैदान के चारों ओर शानदार चौकों और छक्कों की बरसात शुरु कर दी और देखते ही देखते उन्होने मौजूदा आईपीएल सत्र में अपना दूसरा अर्धशतक 29 गेंदों पर सुयश शर्मा को सीमा रेखा के पार पहुंचा कर किया।

अर्धशतक बनाने के बाद भी पंत की रनो की भूख शांत नहीं हुयी और उन्होने अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक 54 गेंदों पर 10 चौके और छह छक्कों की मदद से पूरा किया।

शतक पूरा करने की खुशी का इजहार उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी पंत ने मैदान पर गुलाटी मार कर किया जबकि खचाखच भरे मैदान ने उनका इस्तकबाल खड़े होकर किया। पंत ने अपनी नाबाद पारी में 61 गेंद खेलकर 11 चौके और आठ छक्के जड़े। अटल बिहारी इकाना स्टेडियम पर एलएसजी का यह अभी तक सबसे बड़ा स्कोर है।

इससे पहले उसका सर्वाधिक स्कोर 205 रन रहा है। हालांकि कोलकाता नाइट राइडर्स ने इसी मैदान पर 235 रन का लक्ष्य खड़ा करने मे सफलता मिली थी। पंत ने अपने आस्ट्रेलियाई साथी मार्श के साथ साझीदारी की।

मार्श ने अपनी अर्धशतकीय पारी में चार चौके और पांच छक्के लगाये। उन्हे भुवनेश्वर कुमार ने विकेट के पीछे आउट किया। पूरन (13) आज नहीं चले। उन्हे नुवान तुषारा ने पवेलियन पहुंचाया।