Trending

ऋषभ पंत का शतक बेकार, आरसीबी ने लखनऊ को 6 विकेट से हराया

ऋषभ पंत (118 नाबाद) के शानदार शतक पर विराट कोहली (54) और कप्तान जितेश शर्मा (85) के अर्धशतक भारी पड़ गये जिसके चलते रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मंगलवार को आईपीएल मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को आसानी से छह विकेट से हरा कर अंकतालिका में शीर्ष दो टीमों में अपनी जगह पक्की कर ली।

BCCI

एलएसजी ने अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम पर पहले खेलते हुये तीन विकेट पर 227 रन बनाये जिसके जवाब में आरसीबी ने विजय लक्ष्य आठ गेंद शेष रहते चार विकेट पर हासिल कर लिया।

बेंगलुरु के लिये विराट कोहली ने फिल साल्ट (30) के साथ तेज शुरुआत की और दोनो ने पहले पॉवर प्ले में दस से ऊपर के रन औसत से 61 रन बना लिये थे मगर साल्ट छठे ओवर में आकाश सिंह का शिकार बन कर पवेलियन लौट गये।

कोहली ने रन रफ्तार कम नहीं होने दी मगर वह भी अपना अर्धशतक पूरा होने के बाद ज्यादा समय तक क्रीज पर नहीं टिक सके और आवेश खान की गेंद पर आउट हो गये।

विलियम ओरूर्क ने रजत पाटीदार (14) और लियम लिविंगस्टन (0) को लगातार दो गेंदो पर आउट कर एलएसजी की उम्मीदों को हवा दी मगर जितेश शर्मा ने मंयक अग्रवाल (41) के साथ मिल कर अपनी टीम को जीत दिलाई।

BCCI

जितेश ने अपनी मैच जिताऊ पारी के दौरान मात्र 33 गेंदो पर आठ चौके और छह छक्के लगाये जबकि दूसरे छोर पर मयंक ने 23 गेंदों की पारी में पांच चौके जड़े। इससे पहले पंत और मिचेल मार्श (67) ने 152 रनों की बेहतरीन साझीदारी कर इकाना के मैदान पर एलएसजी का सबसे बड़ा स्कोर बनाया।

इंग्लैंड दौरे से पहले पंत का फार्म में लौटना भारतीय खेमे के लिये सुखद अहसास लेकर आया है। आईपीएल के मौजूदा सत्र के सबसे मंहगे खिलाड़ी रिषभ का बल्ला एक मैच को छोड़कर अब तक पूरे टूर्नामेंट में शांत रहा था मगर मैथ्यू ब्रीत्ज़के (14) के जल्द आउट होने के बाद क्रीज पर आये पंत के तेवर आज आक्रामक थे।

उन्होने मैदान पर आते ही मैदान के चारों ओर शानदार चौकों और छक्कों की बरसात शुरु कर दी और देखते ही देखते उन्होने मौजूदा आईपीएल सत्र में अपना दूसरा अर्धशतक 29 गेंदों पर सुयश शर्मा को सीमा रेखा के पार पहुंचा कर किया।

अर्धशतक बनाने के बाद भी पंत की रनो की भूख शांत नहीं हुयी और उन्होने अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक 54 गेंदों पर 10 चौके और छह छक्कों की मदद से पूरा किया।

शतक पूरा करने की खुशी का इजहार उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी पंत ने मैदान पर गुलाटी मार कर किया जबकि खचाखच भरे मैदान ने उनका इस्तकबाल खड़े होकर किया।

पंत ने अपनी नाबाद पारी में 61 गेंद खेलकर 11 चौके और आठ छक्के जड़े। पंत ने अपने आस्ट्रेलियाई साथी मार्श के साथ अदभुद साझीदारी की। मार्श ने अपनी अर्धशतकीय पारी में चार चौके और पांच छक्के लगाये। उन्हे भुवनेश्वर कुमार ने विकेट के पीछे आउट किया। पूरन (13) आज नहीं चले। उन्हे नुवान तुषारा ने पवेलियन पहुंचाया।