Trending

राठी का दांव हुआ उल्टा: विराट कोहली ने मुस्कुराहट से दिया जवाब

लखनऊ सुपर जॉइंट्स के गेंदबाज दिग्वेश राठी अपने लंबे बालों और विकेट के बाद अपने अनोखे नोटबुक सेलिब्रेशन की वजह से चर्चा में रहते हैं। मंगलवार को आरसीबी के खिलाफ मैच से पहले जब उनसे पूछा गया कि अगर वह विराट कोहली को आउट कर दें तो क्या अपना ट्रेडमार्क नोटबुक सेलिब्रेशन करेंगे तब उन्होंने हां में सिर हिलाया था।

साभार : गूगल

लेकिन उन्हें यह मौका ही नहीं मिला। मैच के दौरान उन्होंने विराट कोहली के साथ संभवतः जानबूझकर माइंडगेम खेला लेकिन प्रतिक्रिया ऐसी रही कि उनका माइंडगेम धरा का धरा रह गया। लखनऊ सुपर जॉइंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 227 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

https://www.instagram.com/reel/DKKkNaEzmRT/

जवाब में फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने आरसीबी को तेज शुरुआत देकर आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे सफल रन चेज की बुनियाद रखी। दिग्वेश राठी एलएसजी की तरफ से 11वां ओवर डाल रहे थे। उस ओवर में पहली बार विराट कोहली राठी का सामना करने जा रहे थे और गेंद थी पांचवीं।

तभी लखनऊ के गेंदबाज ने माइंडगेम खेल दिया। वह गेंदबाजी के लिए आए। हाथ भी पूरा घुमाया लेकिन गेंद नहीं फेंकी। उन्होंने शायद सोचा कि इससे कोहली विचलित होंगे या उनका ध्यान भंग होगा। विराट कोहली राठी की ओर देखकर मुस्कुरा दिए। गेंदबाज ने शायद ही ऐसी प्रतिक्रिया की उम्मीद की थी। राठी का माइंडगेम धरा का धरा रह गया। वह दोबारा गेंद डालने आए और कोहली ने उस पर एक रन ले लिया।

हालांकि, अगले ही ओवर में आवेश खान ने उन्हें आउट कर दिया। कोहली ने 30 गेंदों में 54 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने एक भी छक्का नहीं जड़ा लेकिन 10 चौके जरूर लगाए। कोहली के साथ राठी के माइंडगेम पर कॉमेंट्री कर रहे दीप दासगुप्ता ने कहा, ‘हाहा, मुझे लग रहा कि ये जानबूझकर किया है।

बस ये देखने के लिए कि क्या विराट कोहली का कोई शुरुआती मूवमेंट रहता है या नहीं।’ साथी कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा, ‘आपके यह तो मानना ही पड़ेगा कि इस लड़के का अपना स्वैग है।

पूरे सीजन में वह गेंदबाजी करते वक्त सीधे अपने टारगेट की आंखों में देखता है। उसके जश्न का अंदाज भी अनोखा है, लेकिन मेरा अनुमान है कि अभी वह ऐसा नहीं करेगा।’

दिग्वेश राठी को अपने नोटबुक सेलिब्रेशन के लिए इस आईपीएल सीजन में तीन बार जुर्माना लगा। एक मैच का बैन भी लगा। वह इस सीजन के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन पर आचार संहिता के लगातार उल्लंघन के लिए बीसीसीआई से बैन की सजा भुगतनी पड़ी।