शतक के बाद भी पंत के हाथ लगी निराशा, आरसीबी से हारे और लगा भारी जुर्माना
पूरे आईपीएल 2025 में फ्लॉप रहने के बाद ऋषभ पंत के बल्ले से आखिरकार मंगलवार, 27 मई की शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ रन निकले। नंबर-3 पर बैटिंग करने आए पंत ने ना सिर्फ रन बनाए, बल्कि शतक ठोक टीम को 227 के विशाल स्कोर तक भी पहुंचाया।

पंत का यह आईपीएल करियर का मात्र दूसरा शतक था, इससे पहले उन्होंने 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ये कमाल किया था। हालांकि दिन खत्म होते-होते ऋषभ पंत के हाथ निराशा ही लगी। पहले जितेश शर्मा की तूफानी पारी ने उनके शतक पर पानी फेरा और आरसीबी को 6 विकेट से जीत दिलाई।
इसके बाद बीसीसीआई ने उनपर 30 लाख की मार लगाई। ऋषभ पंत की टीम लखनऊ सुपर जाएंट्स आरसीबी के खिलाफ स्लो ओवर रेट की दोषी पाई गई जिस वजह से पंत पर यह जुर्माना लगाया गया है। लखनऊ तीसरी बार इस सीजन यह सजा भुगती नजर आई है। पंत के साथ टीम पर भी भारी जुर्माना लगाया गया है।
आईपीएल प्रेस रिलीज के अनुसार, लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) के कप्तान ऋषभ पंत पर जुर्माना लगाया गया है क्योंकि उनकी टीम ने मंगलवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के मैच नंबर 70 के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखी।
चूंकि यह न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित आईपीएल की आचार संहिता के तहत उनकी टीम का सीजन का तीसरा अपराध था, इसलिए ऋषभ पंत पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इम्पैक्ट प्लेयर सहित प्लेइंग इलेवन के बाकी सदस्यों पर व्यक्तिगत रूप से या तो 12 लाख रुपये या उनकी संबंधित मैच फीस का 50 प्रतिशत, जो भी कम हो, का जुर्माना लगाया गया।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी लखनऊ सुपर जाएंट्स ने कप्तान ऋषभ पंत के शतक के दम पर निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट पर 227 रन बोर्ड पर लगाए। पंत ने अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक जड़ते हुए 118 रनों की नाबाद पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 61 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के लगाए।
228 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए विराट कोहली और फिल सॉल्ट ने आरसीबी को धुआंधार शुरुआत दी। कोहली ने अर्धशतक जड़ 54 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं कप्तान जितेश शर्मा अंत में 33 गेंदों पर नाबाद 85 रन बनाकर महफिल लूट गए। उनका साथ मयंक अग्रवाल ने 41 रन बनाकर दिया। आरसीबी ने इस स्कोर को 6 विकेट और 8 गेंदें रहते हासिल किया।