रोमांचक मुकाबले में भारत को चिली से मिली शिकस्त, अब उरुग्वे से होगी भिड़ंत
भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम को अर्जेंटीना के रोसारियो में चार देशों के हॉकी टूर्नामेंट में नियमित समय 2-2 की बराबरी पर छूटने बाद चिली के खिलाफ शूटआउट में 1-3 से हारी।

भारत के लिए सुखवीर कौर (35वां मिनट) और कनिका सिवाच (47वां मिनट) ने गोल किए, जबकि चिली के लिए जैसिंटा सोलारी (27वां मिनट) और कप्तान लॉरा मुलर (42 वां मिनट) ने गोल दागे।
चिली ने दूसरे क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर पर सोलारी के गोल से बढ़त कायम की लेकिन भारत ने तीसरे क्वार्टर में पांच मिनट के अंदर ही बराबरी का गोल दाग दिया। सुखवीर ने पेनल्टी कॉर्नर को भुना कर भारत को बराबरी दिलाई।
चिली ने 42वें मिनट में मुलर के मैदानी गोल से फिर से बढ़त हासिल कर ली। भारत ने चौथे क्वार्टर की जोरदार शुरुआत की। कनिका सिवाच ने 47वें मिनट में बराबरी का गोल करके टूर्नामेंट में प्रभावित करना जारी रखा।
निर्धारित समय में कोई भी टीम विजेता नहीं बन पाई ऐसे में मैच शूटआउट में चला गया। शूटआउट में चिली के लिए जोसेफिना कॉन्स्टैंजा गुटिरेज, इसाबेल लियोनोर मेसेन और त्रिनिदाद एंटोनिया बैरियोस ने गोल किए जबकि भारत के लिए सोनम ही एकमात्र गोल कर सकी। भारत पांचवें मैच में एक जून को उरुग्वे से भिड़ेगा।