Trending

डिविलियर्स को भरोसा: कोहली आईपीएल फाइनल में आरसीबी को दिलाएंगे पहला खिताब

दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का कहना है कि ‘बेहतरीन टीम मैन’ विराट कोहली आईपीएल फाइनल में बड़ी भूमिका निभाते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग में अपना पहला खिताब दिलाएंगे।

साभार : गूगल

आरसीबी ने क्वालीफायर एक में पंजाब किंग्स के खिलाफ 102 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आठ विकेट की जीत के साथ फाइनल में जगह पक्की की। मौजूदा सत्र में टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में शामिल कोहली इस एकतरफा मैच में बल्ले से महज 12 रन का योगदान ही दे सके।

आरसीबी के उनके पूर्व साथी डिविलियर्स को हालांकि भरोसा है कि यह भारतीय सुपरस्टार तीन जून को अहमदाबाद में होने वाले खिताबी मुकाबले में धमाल मचायेगा।

डिविलियर्स ने कहा, ‘‘ इस मैच से पहले जब वह बस से उतरे थे तब मैंने उन्हें स्क्रीन पर देखा था। उस समय उनकी भाव भांगिमा सकारात्मक दिख रही थी। यह कुछ ऐसा है जिसके हम आदी हो गये हैं। वह आज रन नहीं बना पाये लेकिन फिर भी हमने उन्हें अंत तक बल्लेबाजों के साथ जश्न मनाते हुए देखा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ वह पूरी तरह से टीम के लिए समर्पित खिलाड़ी है। उनके खेल में एकाग्रता दिख रही थी। जाहिर है काम अभी पूरा नहीं हुआ है और मैं उसे खेलते हुए देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मेरे मन में कोई संदेह नहीं है कि वह फाइनल में दमदार प्रदर्शन करेगा।’’

आरसीबी 2008 में आठ फ्रेंचाइजी के साथ आईपीएल की शुरुआत से इसमें खेलने वाली टीमों में से एक है। यह टीम अतीत में तीन मौकों पर फाइनल में पहुंचने के बावजूद कभी खिताब नहीं जीत पाई।

डिविलियर्स ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इस टीम के पास 2011 खिताब जीतने का एक बहुत अच्छा मौका था। हर कोई 2016 सत्र के बारे में बात करता है, लेकिन चलो अतीत को भूल जाते हैं। आरसीबी अब कहां है? एक और फाइनल में (2025)। यह जितना आप सोचते हैं उससे कहीं अधिक करीब है।’’

उन्होंने कहा,‘‘ उम्मीद है कि तीन जून को मैच के छोटे छोटे लम्हें आरसीबी के पक्ष में जायेंगे। मुझे नीलामी के समय ही लगा था कि आरसीबी ने इस साल सही संतुलन बनाया है। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी में काफी विविधता है।’’