Trending

आईपीएल 2025: मुंबई इंडियंस की क्वालिफायर-2 में एंट्री, गुजरात बाहर

रोहित शर्मा (81), जॉनी बेयरस्टो (47) की पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से मुम्बई इंडियंस ने शुक्रवार को आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर मैच में गुजरात टाइटंस को 20 रनों से हराकर दूसरे क्वालिफायर में जगह बनाई।

BCCI

229 रनों का पीछा करने उतरी गजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही उसने कप्तान शुभमन गिल (एक) का विकेट गवां दिया। शुभमन को बोल्ट ने पगबाधा आउट किया। कुसल मेंडिस ने साई सुदर्शन के साथ दूसरे विकेट लिये 64 रन जोड़े। सातवें ओवर में मिचेल सैंटनर ने कुसल मेंडिस 10 गेंदों में (20) रन का शिकार किया।

इसके बाद 14वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने वॉशिंगटन सुंदर 24 गेंदों में (48) रन को बोल्ड कर मुम्बई को तीसरी सफलता दिलाई। 16वें ओवर में रिचर्ड ग्लीसन ने साई सुदर्शन को बोल्ड कर मैच पर मुम्बई का दबदबा कायम कर दिया। साई सुदर्शन ने 49 गेंदों में 10 चौके और एक छक्का लगाते हुए (80) रनों की पारी खेली।

19वें ओवर की पहली गेंद पर बोल्ट ने शरफेन रदरफोर्ड 15 गेंदों में (24) रन का शिकार किया। शाहरुख खान (13) छठे विकेट के रूप में आउट हुए। गुजरात टाइटंस 20 ओवरों में छह विकेट पर 208 रन बना सकी और मुकाबला 20 रनों से हार कर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इस जीत के साथ मुम्बई ने दूसरे क्वालीफायर में जगह बनाई।

मुम्बई इंडियंस से ट्रेंट बोल्ट को दो विकेट मिले। जसप्रीत बुमराह, रिचर्ड ग्लीस और अश्विनी कुमार और मिचेल सैंटनर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां मुम्बई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। बल्लेबाजी करने आई रोहित शर्मा और जॉनी बेयरस्टो की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़े।      

आठवें ओवर में साई किशोर ने जॉनी बेयरस्टो को गेराल्ड कोएत्जी के हाथों कैच आउट कराकर गुजरात को पहली सफलता दिलाई। बेयरस्टो ने 22 गेंदों में तीन छक्के और चार चौके लगाते हुए (47) रन बनाये। इसके बाद सूर्यकुमार यादव 20 गेंदों में तीन छक्के एक चौका लगाते हुए(33) रन बनाकर साई किशोर का शिकार बने।

17वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने रोहित शर्मा को आउटकर गुजरात टाइटंस को बड़ी सफलता दिलाई। रोहित शर्मा ने 50 गेंदों में चार छक्के और नौ चौके लगाते हुए (81) रनों की पारी खेली।

चौथे विकेट के रूप में तिलक वर्मा 11 गेंदों में (25) रन बनाकर आउट हुये। मुम्बई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 228 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया।

कप्तान हार्दिक पंड्या ने नौ गेंदों में तीन छक्के लगाते हुए (नाबाद 22) रनों की विस्फोटक पारी खेली। गुजरात टाइटंस से साई किशोर और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट लिये। मोहम्मद सिराज ने एक बल्लेबाज को आउट किया।