इंग्लैंड को बड़ा झटका: ओवरटन उंगली की चोट के कारण बाहर
इंग्लैंड टीम को बड़ा झटका लगा है। जेमी ओवरटन गुरुवार को वनडे श्रृंखला के पहले मैच में लगी उंगली की चोट के चलते वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड के बाकी बचे वनडे और टी20 मैचों से बाहर हो गए हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर एजबेस्टन में इंग्लैंड की 238 रन की जीत के दौरान रिटर्न कैच लेने की कोशिश करते हुए अंगुली में चोट लगा बैठे।

इंग्लैंड क्रिकेट ने शनिवार को एक बयान में कहाकि अब वह इंग्लैंड की मेडिकल टीम की देखरेख में रिहैबिलिटेशन कराएंगे। वनडे टीम में उनकी जगह कोई खिलाड़ी शामिल नहीं किया जाएगा। मैथ्यू पॉट्स और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ल्यूक वुड रिजर्व तेज गेंदबाजों में शामिल हैं, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर टॉम हार्टले पर भी विचार किया जा सकता है।
वनडे श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच मंगलवार को खेला जाएगा। तीन मैच की टी20 श्रृंखला अगले शुक्रवार से शुरू होगी। जेमी ओवरटन ने पिछले साल ही वनडे डेब्यू किया था। अब तक ओवरटन ने सिर्फ 6 वनडे मैच खेले हैं और 7 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं, 12 टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 11 विकेट चटकाए हैं।
जेमी ने साल 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। हालांकि, अभी तक उन्हें दूसरा टेस्ट खेलने का इंतजार है। जेमी ओवरटन 6 फीट 5 इंच लंबे तेज गेंदबाज और विस्फोटक बल्लेबाज हैं। आईपीएल 2025 में सीएसके ने ओवरटन को 1.5 करोड़ रुपए में खरीदा।
जेमी ओवरटन की खासियत उनकी तेज गति से गेंदबाजी, स्विंग और लोअर ऑर्डर में तेज रन बनाने की क्षमता है। इंग्लैंड के लिए वनडे सीरीज में पहला मैच खेलने से पहले ओवरटन आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ थे। यहां पर ओवरटन ने तीन मैच खेले लेकिन सिर्फ 6 ओवर गेंदबाजी की।