आईपीएल क्वालीफायर-2 : बारिश की आशंका, क्या होगा अगर मैच रद्द हुआ?
पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस आईपीएल 2025 का क्वालीफायर-2 आज (1 जून) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। शनिवार, 31 मई को हुई बारिश ने पंजाब किंग्स के प्रैक्टिस सेशन में खलल डाली है।

ऐसे में फैंस के जहन में सवाल है कि क्या पंजाब बनाम मुंबई के मैच के दिन भी क्या बारिश होगी? अगर बारिश हुई तो मैच का नतीजा कैसे निकलेगा? क्या क्वालीफायर-2 के लिए रिजर्व डे है? अगर बारिश के चलते मैच रद्द हुआ तो फाइनल में कौन जाएगा?… अहमदाबाद में मौसम के कारण आईपीएल 2025 के अंतिम मैचों में बारिश के चलते खेल में खलल पड़ने की संभावना है।
ऐसा माना जा रहा है कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लगातार बारिश हो रही है, हालांकि भारी बारिश की कोई खबर नहीं है। बारिश के कारण पंजाब का ट्रेनिंग सेशन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। बारिश के कारण पंजाब बनाम मुंबई मुकाबले में खलल पड़ने का खतरा बना हुआ है, क्योंकि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बारिश की संभावना है।
पारा अधिकतम 38 डिग्री तक पहुंच जाएगा, जबकि शाम को यह 31 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। एक्यूवेदर ने शाम को हवा चलने और देर रात बारिश होने की संभावना जताई है। आईपीएल 2025 प्लेऑफ के पहले तीन मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया था। इसका मतलब यह है कि क्वालीफायर-1, एलिमिनेटर और क्वालीफायर-2 के लिए रिजर्व डे नहीं है। हालांकि फाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया है।
पंजाब बनाम मुंबई क्वालीफायर-2 अगर बारिश की भेंट चढ़ जाता है, जिसकी संभावना काफी कम है, तो फैसला लीग स्टेज की पॉइंट्स टेबल के आधार पर होगा। जो टीम लीग स्टेज के अंत तक पॉइंट्स टेबल में आगे रहेगी उसे फाइनल का टिकट मिल जाएगा। पंजाब बनाम मुंबई के केस में फाइनल के लिए क्वालीफाई पंजाब किंग्स की टीम करेगी क्योंकि आईपीएल 2025 पॉइंट्स टेबल में पंजाब की टीम पहले नंबर पर रही थी, वहीं मुंबई चौथे पायदान पर।
आईपीएल प्लेइंग कंडीशन के अनुसार, अगर मैच में बारिश की खलल पड़ती है तो मैच रेफरी 10.50 पर ही खेल को रद्द कर सकते हैं। इसका मतलब है कि अब अतिरिक्त दो घंटे की छूट के साथ, 20 ओवर का पूरा मैच रात 9.30 बजे शुरू हो सकता है। कम से कम 5 ओवर के लिए मैच रात 11.56 तक शुरू करना होगा।