गिल-हार्दिक विवाद पर लगा पूर्ण विराम, सोशल मीडिया पर दोस्ती का सबूत
शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या के बीच मतभेद की खबरों ने तूल उस समय पकड़ा जब 30 मई को मुल्लांपुर में गुजरात बनाम मुंबई एलिमिनेटर में टॉस के दौरान दोनों कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाए। इस घटना के वीडियो ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी।

इन खबरों को कुछ हवा मैच के दौरान मिली जब शुभमन गिल के विकेट पर हार्दिक पांड्या ने एग्रेशन दिखाया। इसके बाद कहा जाने लगा कि दोनों के बीच शायद सबकुछ सही नहीं है। हालांकि मैच के अगले ही दिन शुभमन गिल ने एक पोस्ट कर इन सभी अटकलों पर पूर्ण विराम लगा दिया और बताया कि उनके और हार्दिक के बीच सब सही है।

अब उनकी पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए हार्दिक पांड्या ने जवाब दिया है। शुभमन गिल ने हार्दिक पांड्या के साथ तस्वीर शेयर करते हुए अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा था, ‘प्यार के अलावा कुछ नहीं (इंटरनेट पर जो कुछ भी आप देखते हैं उस पर विश्वास न करें)’ गिल की इस स्टोरी को शेयर करते हुए हार्दिक पांड्या ने रिएक्ट किया है।
मुंबई इंडियंस के कप्तान ने लिखा, ‘हमेशा शुभु बेबी।’ हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 20 रनों से हराकर ट्रॉफी की दौड़ से बाहर किया।

अब मुंबई का सामना क्वालीफायर-2 में पंजाब से है। इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम को फाइनल का टिकट मिलेगा और टीम आरसीबी से भिडे़गी। आईपीएल 2025 का फाइनल 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है।