क्वालीफायर-2 में सूर्या पर टिकी मुंबई की उम्मीदें, डी विलियर्स का रिकॉर्ड निशाने पर
मुंबई इंडियंस का आज आईपीएल 2025 के क्वालीफायर-2 में सामना पंजाब किंग्स से होना है। इस मैच में जीतने वाली टीम फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी। मुंबई की नजरें पंजाब को धोकर यह खिताबी मुकाबला खेलने पर होगी ताकि वह 6ठी आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर सके।

अगर मुंबई को ऐसा करना है तो उन्हें ‘मिस्टर कंसिस्टेंट’ सूर्यकुमार यादव के बल्ले से एक और धमाकेदार पारी की जरूरत होगी। सूर्या की फॉर्म इस सीजन शानदार रही है। वह ऑरेंज कैप के भी प्रबल दावेदार बने हुए हैं। आज उनके पास एबी डी विलियर्स का भी ऑल टाइम आईपीएल रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है।
एबी डी विलियर्स के नाम आईपीएल के इतिहास में बतौर नॉन ओपनर एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। सूर्यकुमार यादव उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ने से मात्र 15 रन दूर हैं। डी विलियर्स ने 2016 में, जब आरसीबी आखिरी बार फाइनल में पहुंची थी, तब 16 पारियों में 52.84 की औसत और 168.79 के स्ट्राइक रेट के साथ 687 रन बनाए थे।
वहीं सूर्यकुमार यादव इस टूर्नामेंट में अभी तक 15 पारियों में 67.30 की औसत और 167.83 के स्ट्राइक रेट के साथ 673 रन बना चुके हैं। अगर आज उनके बल्ले से 15 और रन निकलते हैं तो वह आईपीएल के इतिहास में बतौर नॉन ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
इसी के साथ सूर्यकुमार यादव की नजरें आईपीएल 2025 की ऑरेंज कैप पर भी होगी। गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन 759 रनों के साथ पहले पायदान पर बने हुए हैं।
वहीं सूर्यकुमार यादव दूसरे नंबर पर हैं। सूर्यकुमार अगर आज 87 और रन बनाते हैं तो वह इस लिस्ट में भी टॉप कर जाएंगे। वहीं अगर उनकी टीम हार जाती है और सूर्या 87 रन नहीं बना पाते तो उनका पहली बार ऑरेंज कैप जीतने का सपना इतना करीब पहुंचकर भी अधूरा रह जाएगा।