रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून को लखनऊ में
भारतीय टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह की शादी जौनपुर की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज से तय हुई और दोनों की सगाई आठ जून को लखनऊ में होगी।

18 नवंबर को वाराणसी में रिंकू-प्रिया की ग्रैंड वेडिंग
प्रिया सरोज के पिता और जौनपुर के केराकत विधानसभा सीट से सपा विधायक तूफानी सरोज ने इस रिश्ते की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सगाई में परिवार के सदस्य करीबी मित्र और रिश्तेदार शामिल होंगे। शादी परंपरागत तरीके से 18 नवंबर को वाराणसी के होटल ताज में होगी।
इस शादी समारोह में क्रिकेट जगत के सितारे, बॉलीवुड हस्तियां, उद्योगपति और प्रमुख राजनेताओं को बुलाने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में रिंकू सिंह के परिजनों से मुलाकात के बाद दोनों परिवारों की सहमति से यह रिश्ता तय हुआ। तूफानी सरोज ने कहा, ‘‘रिंकू और प्रिया एक-दूसरे को पहले से जानते हैं।
प्रिया की सहेली के पिता (जो एक क्रिकेटर हैं) के जरिए दोनों की मुलाकात हुई थी। दोनों ने परिजनों की रजामंदी से शादी का फैसला लिया।’’ पेशे से अधिवक्ता प्रिया सरोज पहली बार सांसद बनी हैं।
रिंकू सिंह ने भारत के लिए दो वनडे और 33 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले रिंकू आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं। सपा विधायक के करीबियों के अनुसार, शादी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगी। दोनों ने एक-दूसरे को समझने के लिए पर्याप्त समय लिया और अब एक नई शुरुआत के लिए तैयार हैं।
ये भी पढ़े : ऐसे हुई थी रिंकू व प्रिया की मुलाकात, पिता बोले, शादी तय लेकिन सगाई में अभी समय