फ्रेंच ओपन : अल्काराज और स्वितोलिना क्वार्टरफाइनल में, सबालेंका की भी जीत
गत विजेता कार्लोस अल्काराज फ्रेंच ओपन ग्रैंडस्लैम के पुरुष एकल के तीसरे दौर में बेन शेल्टन को मात देकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई, जबकि महिला वर्ग में एलिना स्वितोलिना ने पिछले साल की उपविजेता जैस्मिन पाओलिनी को हराया।

अल्काराज ने शेल्टन पर तीन घंटे 19 मिनट तक चले मुकाबले में 7-6 (8), 6-3, 4-6, 6-4 से जीत दर्ज की। क्वार्टरफाइनल में अल्काराज का सामना अमेरिका के 12वें नंबर के खिलाड़ी टॉमी पॉल से होगा।
महिला वर्ग में 13वीं वरीय स्वितोलिना ने 2024 की उप विजेता पाओलिनी को 4-6, 7-6 (6), 6-1 से हराकर पांचवीं बार रोलां गैरां के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई जहां उनकी टक्कर तीन बार की गत विजेता इगा स्वियातेक से होगी। स्वियातेक ने 2022 विम्बलडन चैंपियन एलिना रिबाकिना को 1-6, 6-3, 7-5 से हराया।
महिला वर्ग में अन्य क्वार्टरफाइनल में नंबर एक आर्यना सबालेंका का सामना झेंग किनवेन से होगा। सबालेंका ने अमेरिका की अमांडा एनिसिमोवा को 7-5, 6-3 से हराया, 2024 ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता झेंग ने लियूडमिला सैमसोनोवा को 7-6 (5), 1-6, 6-3 से हराया।