इंडोनेशिया ओपन : पीवी सिंधु की शानदार जीत, लक्ष्य सेन पहले दौर में हारे
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने मंगलवार को संघर्षपूर्ण जीत दर्ज करके इंडोनेशिया ओपन के दूसरे दौर में जगह बनाई। सिंधु ने महिला एकल में अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी जापान की नोजोमी ओकुहारा को एक घंटे 19 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 22-20, 21-23, 21-15 से हराया।

हालांकि, स्टार शटलर लक्ष्य सेन पहले दौर में हारकर बाहर हो गए। सेन ने एक घंटे और पांच मिनट तक चले पुरुष एकल मुकाबले में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी चीन के शि यू क्यू से 11-21 22-20 15-21 से हारने से पहले कड़ी चुनौती पेश की। भारत के इस खिलाड़ी ने पीठ की चोट से उबरकर वापसी की।
चोट के कारण वह पिछले सप्ताह मलेशिया ओपन में मैच के बीच से हट गए थे, लेकिन यहां उन्होंने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया। पहला गेम आसानी से गंवाने और दूसरे गेम में 11-17 से पीछे होने के बाद सेन ने जोरदार वापसी की। उन्होंने एक मैच प्वाइंट बचाया और 22-20 से गेम जीतकर मुकाबला निर्णायक गेम तक खींच दिया, लेकिन इसके बाद वह अपनी लय बरकरार नहीं रख पाए।
सिंधु और ओकुहारा के बीच गलतियों से भरा मैच रोमांचक रहा, जिसमें काफी गेम प्वाइंट और मैच प्वाइंट मिले। सिंधु ने पहला गेम 22-20 से जीता। भारतीय खिलाड़ी ने इस दौरान एक गेम प्वाइंट बचाया और महत्वपूर्ण क्षणों में आक्रामक शॉट लगाए। दूसरे गेम में सिंधु ने शुरुआत में दो अंकों की मामूली बढ़त हासिल की, लेकिन इंटरवल तक वह 7-11 से पीछे थीं।
उन्होंने वापसी की और जोरदार क्रॉस-कोर्ट स्मैश के साथ दो मैच प्वाइंट हासिल किए, लेकिन सिंधु ने लगातार गलतियां की जिसका फायदा उठाकर ओकुहारा 20-20 से बराबरी पर आ गईं।
जापानी खिलाड़ी ने दूसरा गेम 23-21 से जीता। निर्णायक गेम में ब्रेक तक सिंधु 11-9 से आगे थीं और फिर उन्होंने लगातार विनर्स लगाते हुए आठ मैच प्वाइंट हासिल किए और पांचवें मैच प्वाइंट को भुनाकर अगले दौर में प्रवेश किया।